त्रिशूर (केरलम), नौ नवंबर (भाषा) केरलम के त्रिशूर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक नेता के घर जाने पर अभिनेता ममूटी की सोशल मीडिया पर कथित वामपंथी समर्थकों द्वारा की जा रही आलोचना की भाजपा नेता ने निंदा की है।
भाजपा की प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष बी. गोपालकृष्णन ने उनकी बेटी की शादी के बाद उनके घर आए ममूटी की सोशल मीडिया पर हो रही आलोचना की सोमवार को निंदा की। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने इस विवाद से खुद को अलग करने की कोशिश की।
गोपालकृष्णन की बेटी की शादी एक नवंबर को गुरुवायूर में हुई थी। शादी में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं और जानी-मानी हस्तियों ने हिस्सा लिया था। विवाह समारोह में शामिल नहीं हो सके ममूटी रविवार को भाजपा नेता के घर पहुंचे थे।
नेता के घर जाने पर सोशल मीडिया पर कई पोस्ट में अभिनेता की आलोचना की गई, जिसके बाद गोपालकृष्णन ने इसकी निंदा की।
गोपालकृष्णन ने पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि कुछ ताकतें नहीं चाहतीं कि केरलम में लोग सौहार्द के साथ रहें। उन्होंने कहा कि दोस्ती राजनीति, धर्म, जाति, भाषा, पहनावे और रंग से ऊपर होती है।
उन्होंने कहा, ‘‘केरलम में हमेशा से दोस्ती के रिश्ते रहे हैं। हाल के दिनों में कुछ लोग इस रिश्ते को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। मैं इस तरह के मेलजोल को एक ऐसा उदाहरण मानता हूं, जिसका अनुसरण किया जाना चाहिए।’’
गोपालकृष्णन ने कहा कि माकपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और वामपंथी दलों के कई पदाधिकारियों सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता शादी में शामिल हुए थे।
उन्होंने विभिन्न दलों के नेताओं के बीच व्यक्तिगत मित्रता और पारिवारिक समारोहों में एक-दूसरे की मदद करने के उदाहरण भी दिए और कहा कि ऐसे संबंधों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए।
भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें विशेष रूप से इस बात की खुशी है कि शादी में शामिल नहीं हो पाने के कारण ममूटी उनके घर आए और नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया।
इस बीच, माकपा के वरिष्ठ नेता थॉमस इसाक ने कहा कि सोशल मीडिया पर ममूटी की आलोचना करने वाले लोग पार्टी के कार्यकर्ता नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके पीछे मुख्य रूप से सोशल मीडिया पर सक्रिय समर्थक हैं। वे माकपा नहीं हैं। पार्टी के अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते हैं, आधिकारिक रुख है और नेता हैं। आज के दौर में कोई भी माकपा की ओर से बोलने का दावा कर सकता है। पार्टी सचिव खुद इस बारे में स्पष्टीकरण दे चुके हैं।’’
इसाक ने कहा कि ममूटी केरलम की सबसे सम्मानित हस्तियों में से एक हैं और वामपंथी दलों के साथ उनके करीबी संबंध अब भी कायम हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘माकपा उनके साथ ऐसे ही संबंध बनाए रखना चाहती है। पार्टी से जुड़े लोगों को, चाहे वे सोशल मीडिया पर सक्रिय हों या कहीं और, इस बात को ध्यान में रखकर व्यवहार करना चाहिए। जो लोग ऐसा नहीं करते, वे माकपा का प्रतिनिधित्व नहीं करते।’’
भाषा सिम्मी मनीषा वैभव
वैभव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.