नोएडा (उत्तर प्रदेश), छह मई (भाषा) ग्रेटर नोएडा के एक गांव में बुधवार तड़के 25 वर्षीय एक युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या करने के आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसकी पहचान मंगेश (31) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता विजय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक तफ्तीश में पता चला कि गांव निवासी साजन आज तड़के जब एक शादी समारोह से घर लौटा तभी उसके पड़ोसी मंगेश (31) ने उस पर गोलियां चला दीं। साजन को तीन गोलियां लगीं।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस बीच, पुलिस को सूचना मिली कि मंगेश और उसका एक साथी कार में सवार होकर फरार होने की फिराक में हैं, जिसके बाद पुलिस दल ने उन्हें घेर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि कार से उतरकर भागने की कोशिश के दौरान दोनों ने पुलिस दल पर गोलियां भी चलाईं। जवाबी कार्रवाई में मंगेश पैर में गोली लगने से घायल हो गया और उसे काबू कर लिया गया, हालांकि उसका साथी फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि उसके पास से पुलिस ने एक अवैध पिस्तौल, दो कारतूस बरामद किए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि साजन और मंगेश के बीच नाली की सफाई व कूड़ा डालने को लेकर विवाद था। संभवतः इसी विवाद में घटना को अंजाम दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
भाषा सं खारी
खारी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.