scorecardresearch
Sunday, 1 March, 2026
होमदेशपंजाब में शिअद की सरकार बनने पर विश्वस्तरीय कौशल विकास विवि स्थापित किया जाएगा: बादल

पंजाब में शिअद की सरकार बनने पर विश्वस्तरीय कौशल विकास विवि स्थापित किया जाएगा: बादल

Text Size:

समराला, एक मार्च (भाषा) शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने रविवार को कहा कि अगर उनकी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर पंजाब की सत्ता में आती है तो विश्व स्तरीय कौशल विकास विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा।

बादल ने पार्टी के ‘पंजाब बचाओ’ अभियान के तहत यहां आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय से प्रत्येक जिले में एक संबद्ध महाविद्यालय होगा।

उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रति वर्ष एक लाख युवाओं का कौशल विकास करने का लक्ष्य रखेंगे। उद्योग इस अभियान का अभिन्न अंग होंगे और युवाओं को उनकी आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा ताकि रोजगार सुनिश्चित हो सके।’’

बादल ने कहा, ‘‘मैं आश्वस्त हूं कि पंजाब को आगे ले जाने का यही सही रास्ता है। हम ‘एल एंड टी’ के समन्वय से मुक्तसर में पहले से ही एक प्रायोगिक परियोजना पर काम रहे हैं और हमें भरोसा है कि इसे पूरे राज्य में लागू कर पाएंगे।’’

शिअद अध्यक्ष ने व्यापारियों के खिलाफ “कर आतंकवाद” थोपने के लिए आम आदमी पार्टी सरकार की कड़ी आलोचना की।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘व्यापारियों को जीएसटी छापों का सामना करना पड़ रहा है, जबकि कर अधिकारियों को लक्ष्य दिए गए हैं और वे लगातार दुकानों पर छापे मार रहे हैं और उन पर भारी जुर्माना लगा रहे हैं।’’

बादल ने कहा कि शिअद सरकार बनने के बाद यह सब बंद हो जाएगा।

उन्होंने कहा, ‘‘एकमुश्त कर प्रावधान वाली राहत योजना फिर से लागू की जाएगी और कर अधिकारियों को व्यापारिक प्रतिष्ठानों में प्रवेश करने से रोक दिया जाएगा।”

शिअद अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि न तो कांग्रेस, न ही आम आदमी पार्टी और न ही भाजपा को कारोबारियों के हितों की रक्षा की चिंता है।

भाषा

राखी धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments