scorecardresearch
Monday, 11 May, 2026
होमदेशराजस्थान के झालावाड़ में आवारा कुत्तों के हमले में दो साल की बच्ची की मौत

राजस्थान के झालावाड़ में आवारा कुत्तों के हमले में दो साल की बच्ची की मौत

Text Size:

कोटा, आठ मई (भाषा) राजस्थान के झालावाड़ शहर में शुक्रवार तड़के आवारा कुत्तों के झुंड ने दो वर्षीय बच्ची को नोंचकर मार डाला, जिससे इलाके में आवारा पशुओं के खतरे को लेकर निवासियों में आक्रोश फैल गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे झालावाड़ शहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक शोरूम के पास हुई, जहां लड़की अपने पिता और बड़ी बहन के साथ एक टेंट के नीचे सो रही थी।

उन्होंने बताया कि गौरी नाम की बच्ची पर सात से आठ आवारा कुत्तों ने हमला किया।

बारां जिले के भंवरगढ़ निवासी दिहाड़ी मजदूर राजूलाल ने बताया कि वह अपनी पत्नी के इलाज के लिए झालावाड़ आए थे, जिन्होंने हाल ही में एसआरजी अस्पताल में एक बच्चे को जन्म दिया है और गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में उनका इलाज चल रहा है।

एक कुत्ते के उंगली पर काटने से वह नींद से जागा और देखा कि कुत्तों का झुंड बच्ची पर हमला कर रहा है। उसने कुत्तों को भगाया और बच्ची को तुरंत अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस उपाधीक्षक हर्षराज सिंह ने घटना की पुष्टि की और बताया कि परिवार ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

बाद में दिन में, परिवार ने मुआवजे की मांग करते हुए जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा।

झालावाड़ के एसडीएम अभिषेक चरण ने बताया कि जिला अधिकारी ने नगर परिषद को आवारा कुत्तों के हमलों से बचाव के लिए निवारक उपाय करने और घटना पर एक तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने बताया कि परिवार के लिए मुआवजे के संबंध में राज्य सरकार को नियमों के अनुसार एक प्रस्ताव भेजा गया है।

भाषा तान्या अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments