रतलाम, 22 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में बृहस्पतिवार शाम अपने घर के आंगन में खेल रही तीन वर्षीय एक बच्ची पर आवारा कुत्ते ने हमला करते हुए उसे बुरी तरह नोच लिया जिससे उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र की इस घटना में गंभीर रूप से घायल तीन वर्षीय मनीषा भाभर को उसके रिश्तेदार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल के चिकित्सक डॉ. जीवन चौहान ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया,‘‘बच्ची के सिर और पीठ पर कुत्ते ने बुरी तरह नोचा था और दोनों जगह बड़े घाव थे।’’
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया कि उन्हें आवारा कुत्ते के हमले में बच्ची की मौत की सूचना मिली है और अब शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पुलिस इस घटना की जांच करेगी।
बच्ची को अस्पताल लेकर आए उसके पड़ोसी राजू ने बताया,‘‘घटना के समय बच्ची के दादा-दादी खेत पर थे, जबकि उसके माता-पिता मजदूरी के लिए अजमेर में थे। संभवतः अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में बच्ची की मौत हो गई थी।’’
भाषा हर्ष
राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.