पुणे, 24 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के पुणे जिले में स्कूली यात्रा के दौरान बनाए गए एक वीडियो को लेकर हुए विवाद के बाद नौवीं कक्षा के एक छात्र ने अपनी सहपाठी को कथित तौर पर चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।
यह घटना शुक्रवार अपराह्न करीब 2:15 बजे महालुंगे गांव में स्कूल परिसर में हुई।
बावधन थाने के एक अधिकारी ने बताया कि घायल छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर है।
पुलिस के अनुसार, स्कूल के छात्र 17 और 18 अक्टूबर को सतारा जिले के पंचगनी और महाबलेश्वर की यात्रा पर गए थे।
इस यात्रा के दौरान एक कार्यक्रम में लड़कियों के नृत्य करने का वीडियो नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले आरोपी छात्र ने कथित तौर पर इंस्टाग्राम पर साझा किया था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस वीडियो को लेकर छात्रों के बीच बहस हुई, जिसके बाद लड़के ने इसे हटा दिया।
पुलिस को संदेह है कि छात्र के मन में इस घटना को लेकर नाराजगी थी और इसी वजह से उसने छात्रा पर कथित तौर पर चाकू से हमला किया।
अधिकारी ने बताया कि छात्रा का बयान दर्ज कर लिया गया है और छात्र को हिरासत में ले लिया गया है।
भाषा
जोहेब सिम्मी
सिम्मी
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.