scorecardresearch
Thursday, 26 March, 2026
होमदेशमाकपा के इशारे पर मीडिया के एक धड़े ने कांग्रेस उम्मीदवारों के बारे में झूठी खबरें फैलाईं : सतीशन

माकपा के इशारे पर मीडिया के एक धड़े ने कांग्रेस उम्मीदवारों के बारे में झूठी खबरें फैलाईं : सतीशन

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 20 मार्च (भाषा) केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता वी डी सतीशन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के इशारे पर मीडिया के एक धड़े ने कांग्रेस के उम्मीदवारों की चयन प्रक्रिया के बारे में झूठी खबरें फैलाईं।

कांग्रेस सांसदों के सुधाकरन और अडूर प्रकाश की उम्मीदवारी को लेकर अनिश्चितता के संबंध में मीडिया में खबरें आने के एक दिन बाद, सतीशन ने कहा कि ऐसी खबरें पार्टी को आगामी विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने से नहीं रोक सकती।

उन्होंने यह भी कहा कि नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस द्वारा उम्मीदवारों के चयन को लेकर कुछ मीडिया संस्थानों द्वारा झूठी खबरें फैलाई गईं।

विपक्ष के नेता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘इन खबरों को संबंधित व्यक्तियों से बात किए बिना ही प्रसारित किया गया और यह तब किया गया जब कांग्रेस ने उन नेताओं की उम्मीदवारी को लेकर कोई चर्चा भी नहीं की थी। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि मुख्यधारा के कुछ मीडिया संस्थानों ने भी ऐसी खबरों को प्रसारित किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की खबरें एकेजी सेंटर (माकपा केरल मुख्यालय) के इशारे पर चलाई जा रही हैं। लेकिन इससे हमारी जीत की संभावनाओं को कोई नुकसान नहीं होगा। यूडीएफ (एकीकृत लोकतांत्रिक मोर्चा) विधानसभा चुनावों में 100 से अधिक सीटें जीतेगा।

सतीशन ने यह भी दोहराया कि कांग्रेस द्वारा उम्मीदवार चयन में कोई देरी नहीं हुई।

कांग्रेस 92 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने 17 मार्च को 55 उम्मीदवारों की पहली सूची और बृहस्पतिवार को शेष 37 नामों की दूसरी सूची जारी की।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments