जयपुर, 22 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के दौसा जिले में 16 वर्षीय एक गर्भवती नाबालिग के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार यह मामला तब सामने आया जब वह अपने नवजात के साथ अस्पताल पहुंची एवं डॉक्टरों ने उसके बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार 16 साल पीड़िता गर्भवती पाई गई और बाद में उसने एक बच्चे को जन्म दिया, जो जीवित नहीं बच सका।
दौसा के पुलिस अधीक्षक कुंदन कांवरिया ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पीड़िता के बयान दर्ज कर प्राथमिकी दर्ज की गई है तथा जांच पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को सौंपी गई है।
उन्होंने कहा कि पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है तथा वह अस्पताल में भर्ती है एवं उसकी स्थिति स्थिर है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला है जो नाबालिग के बयान के विपरीत हो।
उन्होंने कहा कि यह भी पता चला है कि उसका एक पुरुष मित्र उसे मोटरसाइकिल से अस्पताल लेकर आया था।
उन्होंने कहा कि मामले में नामजद एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, कुछ युवक कथित तौर पर अपहरण कर उसे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एक सुनसान इलाके में ले गये और वहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इस दौरान उसे तेज प्रसव पीड़ा हुई और उसने वहीं बच्चे को जन्म दिया।
इसके बाद पीड़िता अस्पताल पहुंची, जहां नवजात को मृत घोषित कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी, जिसके बाद मामला सामने आया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
भाषा बाकोलिया राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.