scorecardresearch
Thursday, 9 July, 2026
होमदेशहापुड़ में इस्पात कारखाने में भीषण आग, एक मजदूर की मौत

हापुड़ में इस्पात कारखाने में भीषण आग, एक मजदूर की मौत

Text Size:

हापुड़ (उप्र), नौ जुलाई (भाषा) हापुड़ जिले के धौलाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार तड़के एक इस्पात कारखाने में भीषण आग लगने से एक मजदूर की झुलसकर मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दमकल विभाग की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार, धौलाना थाना क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम (यूपीएसआईडीसी) फेज-3 स्थित ‘मैसर्स सुख स्टील्स फैक्टरी’ में तड़के करीब चार बजे आग लग गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की विकरालता को देखते हुए गाजियाबाद से भी दमकल के दो वाहन बुलाए गए। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग बुझने के बाद मलबे से बागपत निवासी श्रमिक गुलफाम (50) का शव बरामद किया गया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे शावेज (30) को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने का संदेह है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

भाषा सं सलीम खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments