चंडीगढ़, 21 मार्च (भाषा) पंजाब में विभिन्न किसान संघों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील जाखड़ को एक ज्ञापन सौंपकर किसानों के लिए ऋण माफी और राज्य के नदी जल मुद्दे के समाधान सहित कई मांगें उनके सामने रखीं।
प्रतिनिधिमंडल में भारती किसान यूनियन के नेता हरमीत सिंह कादियान, बीकेयू पंजाब के नेता फुरमान सिंह संधू, दोआबा किसान समिति पंजाब के नेता जंगवीर सिंह चौहान, माझा किसान संघर्ष समिति के नेता बलविंदर सिंह राजू औलख और अन्य नेता शामिल थे।
अपने ज्ञापन में प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के नदी जल मुद्दे का तटवर्ती सिद्धांत के आधार पर समाधान, किसानों को ऋणमुक्त बनाना, फसलों के लिए भावांतर योजना और किसान आयोग के गठन सहित कई मांगें रखीं।
इसके अतिरिक्त, उसने राज्य में नौकरियों में पंजाबियों को प्राथमिकता देने, गन्ने के बकाया का समय पर भुगतान करने, नशीली दवाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और मिलावटी दूध की जांच के लिए चलती-फिरती प्रयोगशालाओं की शुरुआत करने की भी मांग की।
किसान नेताओं ने भाजपा से उसके आगामी चुनावी घोषणापत्र में इन मांगों को शामिल करने की अपील की।
जाखड़ ने उनकी बातें सुनने के बाद आश्वासन दिया कि किसानों की इन मांगों को पार्टी मंच पर रखा जायेगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किये जायेंगे।
भाषा
राजकुमार सुरभि
सुरभि
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.