scorecardresearch
Tuesday, 31 March, 2026
होमदेशबेंगलुरु में 35 लाख रुपये की चांदी चुराने के आरोप में एक घरेलू सहायिका गिरफ्तार

बेंगलुरु में 35 लाख रुपये की चांदी चुराने के आरोप में एक घरेलू सहायिका गिरफ्तार

Text Size:

बेंगलुरु, 27 फरवरी (भाषा) बेंगलुरु की एक घरेलू सहायिका को अपने मालिक के घर से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के 12.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण चुराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

जीवन बीमा नगर थाने की पुलिस ने चैत्रा को गिरफ्तार किया है।

बेंगलुरु के पुलिस आयुक्त सीमंथ कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि वह पिछले ढाई साल से शहर के एक प्रतिष्ठित अस्पताल के डॉक्टर के घर पर काम कर रही थी।

उनके अनुसार, चैत्रा दावणगेरे की रहने वाली है और उसने कथित तौर पर कई बार में घर से चांदी के बर्तन और पूजा सामग्री चुराई।

पुलिस ने कहा, ‘‘डॉक्क्टर के परिवार ने ऊपरी मंजिल पर लगभग 12.5 किलोग्राम चांदी के बर्तन जमा कर रखे थे, जिनका इस्तेमाल केवल त्योहारों के दौरान किया जाना था।’’

उसने बताया, ‘‘आरोप है कि महिला ने एक-एक करके बर्तन लिए, उन्हें गिरवी रखकर पैसे जुटाए और फिर उस रकम को खर्च कर दिया। संदेह से बचने के लिए, वह उसी घर में काम करती रही।’’

दीपावली से कुछ दिन पहले आरोपी ने कथित तौर पर अपनी नौकरी छोड़ दी।

पुलिस आयुक्त ने बताया, ‘‘त्योहार की तैयारियों के तहत जब परिवार ने चांदी के बर्तनों से भरा बैग खोला तो उसे बर्तन गायब मिले । फिर उसने पुलिस से संपर्क किया।’’

शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई।

सिंह ने बताया, ‘‘हमने पूर्व कर्मचारियों से पूछताछ की और चैत्रा से पूछताछ के दौरान चोरी का खुलासा हुआ। हमने उसके पास से लगभग 35 लाख रुपये मूल्य के 12.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए हैं।’’

मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, चैत्रा ने कहा कि उसे अपने पति के कैंसर के इलाज के लिए पैसों की जरूरत थी।

भाषा तान्या राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments