scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशदिल्ली की एक अदालत ने आई-पैक के निदेशक विनेश चंदेल को 10 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेजा

दिल्ली की एक अदालत ने आई-पैक के निदेशक विनेश चंदेल को 10 दिनों के लिए ईडी की हिरासत में भेजा

Text Size:

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने यह कहते हुए आई-पैक के सह-संस्थापक और निदेशक विनेश चंदेल को ईडी की 10 दिनों की हिरासत में भेज दिया कि यह मानने के कारण हैं कि वह करोड़ों रुपये की आपराधिक कमाई के सृजन, हेराफेरी और कब्जे से जुड़ी प्रक्रियाओं और गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल थे।

सोमवार की आधी रात चंदेल को अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश शेफाली बरनाला टंडन के आवास पर पेश किया गया, जिसके बाद कार्यवाही सुबह 3:30 बजे तक चली।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत से अनुरोध किया था कि वह आरोपी से पूछताछ करने के लिए उन्हें 10 दिनों के लिए उसकी हिरासत में भेजे।

न्यायाधीश ने 24 पृष्ठों के आदेश में कहा, ‘‘यह मानने के कारण हैं कि गिरफ्तार व्यक्ति (चंदेल) कई करोड़ रुपये की आपराधिक कमाई के सृजन, हेराफेरी और कब्जे से जुड़ी प्रक्रियाओं और गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।’’

न्यायाधीश टंडन ने कहा कि अदालत ने ‘मैसर्स इंडियन पीएसी कंसल्टिंग प्राइवेट लिमिटेड’ के कामकाज के तरीके, दो अप्रैल को उपरोक्त कंपनी और कंपनी से जुड़े व्यक्तियों के विभिन्न परिसरों में की गई तलाशी, पीएमएलए, 2002 की धारा 17 के तहत दर्ज किए गए बयान आदि बातों पर गौर किया है।

न्यायाधीश ने कहा कि एजेंसी द्वारा प्रदान किए गए गिरफ्तारी के आधारों से पता चलता है कि चंदेल कंपनी द्वारा जुटायी गयी धनराशि के अंतरण के लिए हवाला चैनलों का उपयोग करता था, इसके अलावा वह बैंकिंग प्रणाली के बाहर बेहिसाब नकदी या अनौपचारिक अंतरण भी होने दे रहा था।

न्यायाधीश ने कहा कि संघीय एजेंसी के अनुसार, चंदेल ने आठ जनवरी को कोलकाता में आई-पैक परिसर में ईडी की तलाशी के तुरंत बाद प्रमुख कर्मचारियों के खातों से ईमेल और संवेदनशील डेटा को हटाने का निर्देश भी दिया था तथा उसने स्वीकार किया कि वित्तीय रिकॉर्ड को हटाने समेत संबंधित निर्देश अगले दिन जारी किए गए और लागू किए गए।

अदालत ने चंदेल को 23 अप्रैल तक 10 दिनों की हिरासत में रखने की अनुमति देते हुए निर्देश दिया कि उससे पूछताछ सीसीटीवी कैमरों वाले स्थान पर की जाए और फुटेज को सुरक्षित रखा जाए। अदालत ने यह भी कहा कि इसके अलावा, चंदेल की हर 48 घंटे में चिकित्सकीय जांच की जानी चाहिए।

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले एक बड़ी कार्रवाई में, ईडी ने सोमवार देर शाम चंदेल को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया। चंदेल भोपाल स्थित एनएलआईयू से कानून स्नातक हैं और आई-पैक में 33 प्रतिशत शेयरधारक हैं।

भाषा राजकुमार माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments