scorecardresearch
Sunday, 22 November, 2026
होमदेशडिग्री नौकरी दिला सकती है लेकिन पहचान और तरक्की कौशल से मिलती है : राजनाथ सिंह

डिग्री नौकरी दिला सकती है लेकिन पहचान और तरक्की कौशल से मिलती है : राजनाथ सिंह

Text Size:

लखनऊ, 22 नवंबर (भाषा) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने छात्रों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर चुनने का सुझाव देते हुये रविवार को कहा कि डिग्री उन्हें पहली नौकरी दिलाने में मदद कर सकती है लेकिन उनकी पहचान और करियर में तरक्की उनके कौशल, पेशेवर ज्ञान और क्षमता से तय होती है।

सिंह ने यहां बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छात्रों को खुद को केवल उसी क्षेत्र तक सीमित नहीं रखना चाहिए, जिसमें उन्होंने डिग्री हासिल की है।

उन्होंने कहा, “आपकी डिग्री आपकी योग्यता है, न कि आपकी पहचान।”

रक्षा मंत्री ने छात्रों को अपनी रुचि पहचानकर अपना रास्ता खुद बनाने की सलाह देते हुए कहा कि जीवन में नए रास्ते बनाने और उन पर अकेले चलने से भी नहीं हिचकिचाना चाहिए।

फिल्म निर्माता रंजीत और भारत की श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन का उदाहरण देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि उनकी जीवन यात्रा बताती है कि लोग अपनी पढ़ाई के क्षेत्र से अलग काम करके भी बड़ी सफलता हासिल कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि रंजीत ने अर्थशास्त्र की पढ़ाई की थी, जबकि कुरियन ने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। बाद में कुरियन ने भारत में श्वेत क्रांति का नेतृत्व किया और अमूल जैसी संस्थाओं के माध्यम से सहकारी आंदोलन को मजबूत किया।

सिंह ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) जैसी नई तकनीकें काम करने के तरीकों को तेजी से बदल रही हैं, जिन कामों को पूरा करने में पहले कई घंटे लगते थे, वे अब कुछ मिनटों या सेकंडों में किए जा सकते हैं।

संसद के निचले सदन में लखनऊ का प्रतिनिधित्व करने वाले सिंह ने कहा कि इससे नए अवसर पैदा होंगे, लेकिन साथ ही नए कौशल सीखने की जरूरत भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि क्षमता से आत्मविश्वास बढ़ता है और युवाओं को चुनौतियों का सामना करने में मदद मिलती है।

सिंह ने कहा, “आपकी परिस्थितियां आपका भविष्य तय नहीं करतीं, बल्कि आपके प्रयास आपका भविष्य तय करते हैं।”

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत के विकास और दुनिया का मार्गदर्शन करने की उसकी क्षमता के लिए देश की सीमाओं की सुरक्षा जरूरी है। जब देश की सीमाएं सुरक्षित होंगी, तभी भारत एक उन्नत और विकसित राष्ट्र बनकर दुनिया को राह दिखा सकेगा।

सिंह ने लखनऊ में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर में रक्षा क्षेत्र की कई प्रमुख परियोजनाएं स्थापित करने के प्रयास किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि छात्रों को शोध के अवसर उपलब्ध कराने के लिए रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) की एक प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि अब लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइलों का निर्माण हो रहा है और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान इनकी क्षमता का प्रदर्शन भी किया गया था।

सिंह ने कहा कि भारतीय छात्रों ने गणित, भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान की अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया है।

उन्होंने उपग्रहों की ‘डॉकिंग’ और ‘अनडॉकिंग’ (जोड़ने और अलग करने) की तकनीक विकसित करने में भारत की उपलब्धि का भी उल्लेख किया।

रक्षा मंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि हासिल करने वाला भारत दुनिया का चौथा देश बन गया है।

गणितीय समीकरणों के माध्यम से सिंह ने टीमवर्क और सामूहिक प्रयासों के महत्व को समझाया।

उन्होंने छात्रों से सीमित सोच से बाहर निकलने और सब कुछ अकेले हासिल करने की कोशिश करने के बजाय दूसरों के साथ मिलकर काम करने का आग्रह किया।

रक्षा मंत्री ने छात्रों से भारत की संस्कृति, सभ्यता और परंपराओं को समझने की अपील करते हुए कहा कि दुनिया भर में इनकी सराहना की जाती है।

उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से दोबारा जुड़ने से न केवल व्यक्ति की पहचान मजबूत होती है, बल्कि ज्ञान बढ़ता है, जिज्ञासा को प्रोत्साहन मिलता है और नई खोजों के लिए प्रेरणा भी मिलती है।

सिंह ने युवाओं से भारत के इतिहास और परंपराओं को सही परिप्रेक्ष्य में देखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि किसी भी ऐतिहासिक धारणा को बिना सोचे-समझे सच नहीं मानना चाहिए।

केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से राजनीति के मूल अर्थ को फिर से स्थापित करने में योगदान देने की अपील की।

भाषा चंदन आनन्‍द रंजन जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments