गोरखपुर (उत्तर प्रदेश), आठ जुलाई (भाषा) गोरखपुर में 12 साल के एक लड़के ने यह कहकर हड़कंप मचा दिया कि उसका अपहरण कर लिया गया है। बाद में पुलिस जांच में पता चला कि उसने गर्मी की छुट्टियों के बाद स्कूल जाने से बचने के लिए यह पूरा नाटक किया था।
छठी कक्षा के इस छात्र को दो लोगों के साथ मोटरसाइकिल पर देखकर लोगों को शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। बाद में पता चला कि वे दोनों उसकी मां और मामा थे।
आर्यन नामक लड़का गर्मी की छुट्टियां अपने मामा रवि मिश्रा के राप्तीनगर स्थित घर पर बिता रहा था।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम आर्यन की मां शालिनी देवी अपने भाई के घर उसे वापस ले जाने आई थीं।
रात करीब 10 बजे जब तीनों मोटरसाइकिल से जा रहे थे, तभी घर से लगभग 100 मीटर दूर आर्यन अचानक जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगा।
उसने चिल्लाकर कहा कि उसका अपहरण कर लिया गया है और मोटरसाइकिल पर बैठी महिला और पुरुष अपहरणकर्ता हैं। यह सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही देर रात चिलुआताल और शाहपुर थाना पुलिस ने तलाश अभियान शुरू किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी और मोटरसाइकिल का पता लगाते हुए रात करीब दो बजे शास्त्री नगर स्थित परिवार के घर पहुंच गई।
पूछताछ में आर्यन ने पुलिस को बताया कि वह घर वापस नहीं जाना चाहता था, क्योंकि वहां जाकर उसे फिर से पढ़ाई शुरू करनी पड़ती।
पुलिस के अनुसार वह अपने मामा और नानी के साथ ही रहना चाहता था और उसे उम्मीद थी कि लोग उसे घर ले जाने से रोक देंगे।
आर्यन की मां ने भी बताया कि वह अपनी ननिहाल से वापस नहीं जाना चाहता था।
चिलुआताल थाना प्रभारी सूरज सिंह ने बताया कि जांच में पता चला कि बच्चा अपने परिवार के लोगों के साथ ही था और कोई अपहरण नहीं हुआ था।
उन्होंने कहा, ‘लड़का अपने मामा के घर ही रहना चाहता था। इसी वजह से घर ले जाते समय उसने शोर मचाया।’
भाषा सं जफर जोहेब
जोहेब
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.