scorecardresearch
Monday, 23 November, 2026
होमदेशशबरिमला में रोजाना पहाड़ी रास्ता तय कर 27 साल से अखबार पहुंचा रहे हैं 68 वर्षीय श्रीधरन

शबरिमला में रोजाना पहाड़ी रास्ता तय कर 27 साल से अखबार पहुंचा रहे हैं 68 वर्षीय श्रीधरन

Text Size:

शबरिमला (केरलम), 23 नवंबर (भाषा) शबरिमला आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पंपा से सन्निधानम तक की चढ़ाई आस्था और सहनशक्ति की परीक्षा होती है लेकिन 68 वर्षीय श्रीधरन पिछले 27 वर्ष से लगभग हर दिन बगल में अखबार दबाए यह पहाड़ी रास्ता तय कर रहे हैं और कई बार तो वह यह चढ़ाई दौड़ते हुए पूरी करते हैं।

शबरिमला मंदिर श्रद्धालुओं के लिए बंद रहने पर भी श्रीधरन मुख्य पुजारी समेत 15 लोगों को अखबार पहुंचाने के लिए रोजाना पहाड़ी पर चढ़ते हैं।

मौजूदा मंडल-मकरविलक्कू तीर्थयात्रा के दौरान जब हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ पहाड़ी रास्ते पर होती है, तब श्रीधरन सन्निधानम स्थित कार्यालयों और दुकानों में करीब 250 अखबार पहुंचाते हैं।

वह भीड़ के बीच तेजी से आगे बढ़ते हैं। उन्हें खड़ी चढ़ाई इतनी आसानी से करते देखकर कई श्रद्धालु सोच में पड़ जाते हैं कि इस उम्र में भी वह ऐसा कैसे कर रहे हैं।

हालांकि, श्रीधरन इस रास्ते से अच्छी तरह परिचित हैं। वह सालभर इस रास्ते पर आते-जाते रहते हैं। इस दौरान उन्हें जंगल के उन इलाकों से भी गुजरना पड़ता है, जहां हाथी और बाघ घूमते रहते हैं। वह आमतौर पर शाम तक पंपा लौट आते हैं।

श्रीधरन ने एक समाचार चैनल से कहा, ‘‘मैं भगवान अयप्पा का दर्शन पाने के लिए यह काम करता हूं और कुछ हद तक आजीविका कमाने के लिए भी। मैं किसी को परेशान नहीं करना चाहता और न ही किसी को कोई तकलीफ देना चाहता हूं। जब हम भगवान से अपनी रक्षा की प्रार्थना करते हुए यहां आते हैं तो हमें आसपास कुछ भी (जंगली जानवर) दिखाई नहीं देता। अगर कभी उनसे सामना हो भी जाए तो वे (जानवर) जंगल में लौट जाते हैं।’’

मंदिर बंद रहने पर भी श्रीधरन मुख्य पुजारी समेत 15 लोगों को अखबार पहुंचाने के लिए पहाड़ी पर चढ़ते हैं। वह सुबह नौ बजे निकलते हैं और आमतौर पर शाम चार बजे तक पंपा लौट आते हैं।

श्रीधरन का मानना है कि रोजाना पहाड़ी पर चढ़ने से वह स्वस्थ रहते हैं। उनका कहना है कि वह इस काम से कभी थके नहीं और न ही उन्हें कभी कोई बीमारी हुई। वह यह भी जानते हैं कि कई श्रद्धालुओं के लिए जीवन में यह तीर्थयात्रा एक बार करना भी कितना कठिन होता है।

हालांकि, जंगल से गुजरते समय कई बार उनके साहस की परीक्षा भी हुई है।

श्रीधरन ने शबरिपीठम में एक जंगली हथिनी से सामना होने का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय हथिनी बच्चे को जन्म देने के बाद वहां लेटी हुई थी और अचानक वह चिंघाड़ते हुए उनकी ओर दौड़ी। श्रीधरन ने डर के मारे आंखें बंद कर लीं और प्रार्थना करने लगे।

उन्होंने कहा, ‘‘हथिनी अचानक चिंघाड़ते हुए मेरी ओर दौड़ी। मैंने आंखें बंद कर लीं और सोचा, ‘हे भगवान, मैं संकट में हूं।’ मैंने प्रार्थना करते हुए ‘मेरे अयप्पा’ को पुकारा। जब तक मेरी प्रार्थना पूरी हुई, हथिनी कहीं दिखाई नहीं दे रही थी। ऐसे चमत्कार होते हैं।’’

श्रीधरन कई वर्षों से अमरनाथ यात्रा कर रहे हैं। वह जब अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं, केवल तभी अखबार बांटने का काम किसी और को सौंपते हैं। उनका मानना है कि शबरिमला में रोजाना चढ़ाई करने के कारण उन्हें कश्मीर में बर्फ से ढके पहाड़ों पर चढ़ने में मदद मिलती है।

उन्होंने कहा कि वह केवल उन दिनों पहाड़ी पर नहीं चढ़ते, जब अखबार प्रकाशित नहीं होते या वह अमरनाथ यात्रा पर होते हैं।

वायनाड के रहने वाले श्रीधरन पहले भी अखबार वितरित करने का काम करते थे। जब वह 38 वर्ष के थे, तब उनकी मां का निधन हो गया। इस घटना ने उनके जीवन की दिशा बदल दी।

मां के निधन से दुखी श्रीधरन कर्नाटक के मूकांबिका मंदिर चले गए, जहां उन्होंने डेढ़ साल तक मौन व्रत रखा।

इसी दौरान उनका झुकाव शबरिमला की ओर हुआ। वह 2000 में इस पर्वतीय तीर्थस्थल पर आए और तभी से उन्होंने पंपा को अपना घर बना लिया।

श्रीधरन का अपना कोई परिवार नहीं है और रिश्तेदारों से भी उनका बहुत कम संपर्क है।

भाषा सिम्मी मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments