scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशदिल्ली से “बिना महरम” 43 महिलाएं हज के लिए रवाना हुईं

दिल्ली से “बिना महरम” 43 महिलाएं हज के लिए रवाना हुईं

Text Size:

नयी दिल्ली, 21 अप्रैल (भाषा) सऊदी अरब में अगले महीने के अंत में शुरू होने वाली हज यात्रा के लिए ‘बिना महरम’ (बिना पुरुष साथी) के 40 से ज्यादा महिला यात्रियों का जत्था सोमवार को यहां से मदीना के लिए रवाना हुआ।

दिल्ली हज कमेटी ने एक बयान में बताया कि इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सऊदी एयरलाइंस के जरिए 43 महिलाएं ‘बिना मरहम’ के हज की रस्में अदा करने के लिए रवाना हुईं।

दिल्ली हज कमेटी की प्रमुख कौसर जहां ने ‘बिना महरम’ के महिलाओं के हज पर जाने को महिला सशक्तीकरण का एक अहम उदाहरण बताया।

बयान के मुताबिक, दिल्ली से हज यात्रा पर रवाना होने वाली 43 महिलाओं में से 12 दिल्ली से, 21 उत्तर प्रदेश से, तीन बिहार से, चार जम्मू-कश्मीर से, दो मध्यप्रदेश से और दो उत्तराखंड से हैं।

कमेटी के एक अधिकारी ने बताया कि इस बार बिना महरम के हज पर जाने वाली महिलाओं का यह पहला और आखिरी जत्था था।

बयान में कहा गया है कि 18 अप्रैल से शुरू हुई हज उड़ानों की श्रृंखला में सोमवार रवाना हुई उड़ान सातवी थी। इसमें कहा गया है कि अब तक कुल 2721 हज यात्री हज की अदायगी के लिए अरब देश रवाना हो चुके हैं जिनमें से 1423 पुरुष और 1298 महिलाएं शामिल हैं।

इसके मुताबिक, आगामी 20 मई तक सऊदी एयरलाइन की 54 उड़ानों के माध्यम से दिल्ली राज्य हज कमेटी सहित उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों के 21,100 से अधिक हज यात्री पवित्र हज यात्रा के लिए सऊदी अरब जाएंगे।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments