मुंबई/भिवंडी: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार को 2014 के RSS मानहानि मामले में भिवंडी अतिरिक्त सत्र न्यायालय में पेश होने के लिए मुंबई पहुंचे. उनकी पेशी से पहले प्रशासन ने कोर्ट परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी है.
भिवंडी में कोर्ट के 100 मीटर के दायरे में एहतियातन दुकानों को बंद कराया गया है. वहीं ठाणे पुलिस ने भी सुरक्षा बढ़ा दी है.
इससे पहले पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल राहुल गांधी के जमानती थे. उनके निधन के बाद राहुल गांधी को आज कोर्ट में नया जमानती पेश करना होगा.
यह मामला RSS कार्यकर्ता राजेश कुंटे की शिकायत पर दर्ज किया गया था. आरोप है कि राहुल गांधी ने 6 मार्च 2014 को एक चुनावी रैली में RSS पर महात्मा गांधी की हत्या का आरोप लगाया था.
महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राहुल गांधी कानूनी प्रक्रिया का पालन करने कोर्ट पहुंचे हैं और BJP तथा नरेंद्र मोदी की सच्चाई उजागर करने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है.
कांग्रेस नेता असलम शेख ने कहा कि यह मामला उन्हें परेशान करने और दबाने की कोशिश है, लेकिन कांग्रेस इससे पीछे नहीं हटेगी.
वहीं कांग्रेस नेता आरिफ नसीम खान ने आरोप लगाया कि जब भी राहुल गांधी भ्रष्टाचार और अन्य मुद्दों पर आवाज उठाते हैं, उन्हें राजनीतिक रूप से निशाना बनाया जाता है.
सुप्रीम कोर्ट में याचिका वापस लेने के बाद राहुल गांधी ने 2016 में ही कहा था कि वह इस मामले में ट्रायल का सामना करने के लिए तैयार हैं.
