scorecardresearch
Sunday, 12 April, 2026
होमदेशदिल्ली में 15 जुलाई तक वर्षा जल संचयन के लिए 1,500 गड्ढे तैयार किये जाएंगे

दिल्ली में 15 जुलाई तक वर्षा जल संचयन के लिए 1,500 गड्ढे तैयार किये जाएंगे

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 जून (भाषा) दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को कहा कि जलभराव की समस्या से निपटने और शहर को पानी के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से 15 जुलाई तक वर्षा जल संचयन के लिए 1,500 से अधिक नए गड्ढे तैयार कर दिए जाएंगे।

सिसोदिया ने बरसात से पहले वर्षा जल संचयन व जलभराव के लिए सभी नोडल एजेंसियों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद यह जानकारी दी।

बैठक के बाद उन्होंने ट्वीट किया, ”बरसात के पहले दिल्ली में बारिश के पानी को सहेजकर रखने के लिए युद्धस्तर पर काम जारी है। दिल्ली को पानी के लिए आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से, 15 जुलाई तक 1548 नए वर्षा जल संचयन गड्ढे तैयार कर दिए जाएंगे। आज सभी नोडल एजेंसी के साथ इनपर चल रहे काम की समीक्षा की।”

बैठक में लोक निर्माण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली विकास प्राधिकरण, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली नगर निगम, नयी दिल्ली नगर परिषद और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया।

भाषा जोहेब मनीषा

मनीषा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments