रुद्रप्रयाग, छह मार्च (भाषा) उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग जिले के एक गांव के 14 व्यक्तियों को कांकड़ या ‘हिमालयन बार्किंग डियर’ के अवैध शिकार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी एक अधिकारी ने शुक्रवार को दी।
रुद्रप्रयाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी देवेंद्र सिंह पुंडीर ने बताया कि रुद्रप्रयाग वन प्रभाग के खांखरा रेंज में बृहस्पतिवार को हुई अवैध शिकार की घटना के संबंध में दूधातोली वन क्षेत्र से लगे कोंण्डली-क्वाली गांव के 14 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि मामले में गोपनीय सूत्रों से मिली जानकारी के आधार पर खांखरा रेंज अधिकारी की अगुवाई में छापेमारी की गई तो यह घटना सामने आयी। उन्होंने बताया कि मौके पर आरोपी काकड़ का शिकार करके उसे पकाने की तैयारी कर चुके थे।
‘हिमालयन बार्किंग डीयर’ संरक्षित प्रजाति का हिरण है जो उत्तराखंड में तीन हजार से आठ हजार फुट की ऊंचाई पर वन क्षेत्रों में देखा जा सकता है। पिछले कुछ सालों से संरक्षण के प्रयासों के चलते यह गांवों के आसपास भी देखा जा रहा है। अपने नाम के अनुरूप यह अपनी तेज आवाज के कारण दूर से ही पहचाना जाता है।
भाषा सं दीप्ति अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
