scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशअसम के ग्वालपाड़ा में 12 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए

असम के ग्वालपाड़ा में 12 बांग्लादेशी घुसपैठिए पकड़े गए

Text Size:

गुवाहाटी, 11 अक्टूबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा है कि भारत में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में ग्वालपाड़ा जिले से तीन बच्चों समेत 12 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा गया है। उन्होंने मामले में मानव तस्करी और घुसपैठ से जुड़े नेटवर्क की संलिप्तता की आशंका जताई है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि शुक्रवार रात एक स्थानीय नागरिक ने कुछ लोगों को रोते-बिलखते देखा, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।

शर्मा ने शनिवार रात पोस्ट में कहा कि इस समूह में नौ वयस्क और तीन बच्चे शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि सबोर नाम का एक दलाल पांच अक्टूबर को उन्हें मेघालय के जाफलोंग के रास्ते भारत लाया था।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद दलाल के साथ आए एक खासी समुदाय का व्यक्ति उन्हें गुवाहाटी ले गया, जहां उन्हें तीन दिन तक रखा गया।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि दलाल कथित तौर पर समूह से 7,000 बांग्लादेशी टका और मोबाइल फोन छीनकर गुवाहाटी रेलवे स्टेशन के पास से फरार हो गया।

बाद में यह समूह शुक्रवार रात बस से ग्वालपाड़ा पहुंचा, जहां स्थानीय नागरिक की नजर उन पर पड़ी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘दलाल ने कथित तौर पर उन्हें गुवाहाटी की एक कंपनी में काम कर रहे अन्य बांग्लादेशी नागरिकों के वीडियो दिखाए थे और नौकरी दिलाने का वादा किया था।’’

उन्होंने बताया कि नौ वयस्कों के लिए कंपनी के मालिक से प्रति व्यक्ति 20,000 रुपये लेने और बाद में इसे उनकी मजदूरी से काटने का सौदा तय हुआ था।

शर्मा ने कहा, ‘‘संदेह है कि मामला मानव तस्करी और अवैध घुसपैठ से जुड़ा हो सकता है। अधिकारी जांच कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इन लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, वहीं हम भारत में मौजूद उनके मददगारों की तलाश कर उन्हें भारतीय कानून के कड़े प्रावधानों के तहत सजा दिलाएंगे।’’

असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सालमारा-मानकाछर जिले बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा साझा करते हैं।

भाषा खारी दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments