चेन्नई, 15 अप्रैल (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने शनिवार को कहा कि वह केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कांस्टेबल भर्ती परीक्षा विभिन्न भारतीय भाषाओं में कराने के केन्द्रीय गृहमंत्रालय के फैसले का ‘‘तहेदिल’’ से स्वागत करते हैं।
साथ ही उन्होंने केन्द्र सरकार द्वारा करायी जाने वाली सभी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को तमिल और अन्य भारतीय भाषाओं में परीक्षा प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने की मांग दोहरायी।
स्टालिन ने शनिवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘(केन्द्रीय गृह मंत्री) अमित शाह को लिखे गए मेरे पत्र के परिणाम स्वरूप केन्द्र सरकार ने सीएपीएफ की परीक्षा सभी राज्यों की भाषाओं में कराने की घोषणा की है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं पूरे मन से इस फैसले का स्वागत करता हूं और केन्द्र सरकार द्वारा करायी जाने वाली सभी परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को तमिल और अन्य भारतीय भाषाओं में परीक्षा प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाने की हमारी मांग दोहराता हूं।’’
केन्द्रीय गृहमंत्रालय ने आज दिन में सीएपीएफ कांस्टेबल भर्ती परीक्षा हिन्दी और अंग्रेजी के अलावा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में कराने की अनुमति दे दी।
भाषा अर्पणा पवनेश
पवनेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.