श्रीनगर, पांच मई (भाषा) कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर ईकाई के अध्यक्ष विकार रसूल वानी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह जम्मू-कश्मीर में शांति बहाल करने में विफल रही है।
वानी ने यहां कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा, ”जम्मू-कश्मीर के हालात में सुधार होने के भाजपा के दावे खोखले हैं। भाजपा दावा करती है कि अनुच्छेद 370 हटाने के बाद उन्होंने आतंकवाद खत्म कर दिया है लेकिन आप जानते हैं कि राजौरी में कितनी घटनाएं हुई हैं। कल पुंछ में भी हमला हुआ ।
उन्होंने कहा, ”पुंछ से पहले कोकेरनाग में हमला हुआ था। कई लक्षित हत्याएं हुईं। सच तो यह है कि वे लोगों को सुरक्षा देने और शांति बहाल करने में विफल रहे हैं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस बयान पर कि पाकिस्तान में कुछ लोग कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भारत का प्रधानमंत्री बनाना चाहते हैं। इस पर वानी ने कहा कि पड़ोसी देश के ये बयान भाजपा के एजेंटों द्वारा दिए गए हैं।
उन्होंने कहा, ”मोदी जी ने कल राहुल जी के बारे में कुछ कहा था। मैं कहूंगा कि ये पाकिस्तान में इन लोगों (भाजपा) के एजेंट हैं जिनसे ऐसे बयान दिलवाए जाते हैं जिससे कांग्रेस की बदनामी होगी।”
श्रीनगर लोकसभा सीट पर बेहतर मतदान होने की संभावना पर वानी ने कहा कि लोगों को मतदान करने के लिए आना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, ”संविधान ने हमें अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार दिया है। कश्मीर में इस बहिष्कार ने अतीत में कुछ पार्टियों को अनुचित लाभ पहुंचाया है। मैं विशेषकर श्रीनगर में लोगों से बाहर आकर मतदान करने की अपील करता हूं।”
उन्होंने कहा, ”आप आज देख सकते हैं कि सत्तारूढ़ दल 400 से अधिक सीटें जीतने का दावा कर रहा है ताकि वे संविधान को बदलकर हमारे मतदान के अधिकार को छीन सकें।”
भाषा
प्रीति रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.