नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 40 वर्षीय सफाई कर्मी की एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह घटना के वक्त ड्यूटी पर था।
पुलिस ने शनिवार को बताया कि हादसा पश्चिमी दिल्ली के कीर्ति नगर इलाके में तब हुआ, जब राजकुमार सड़कों की सफाई कर रहा था। पुलिस को सुबह साढ़े छह बजे के आसपास घटना की सूचना मिली।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि एमसीडी कर्मचारी सड़कों की सफाई कर रहा था, तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
उन्होंने कहा कि अपराध और मोबाइल फॉरेंसिक दलों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है।
अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (सार्वजनिक मार्ग पर तेजी और लापरवाही से गाड़ी चलाना) और 304ए (लापरवाही के कारण किसी की मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि एमसीडी सफाईकर्मी को टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
भाषा नोमान पारुल
पारुल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.