scorecardresearch
Wednesday, 15 April, 2026
होमदेशअमृतपाल सिंह को शरण देने के आरोप में पंजाब में चार व्यक्ति गिरफ्तार

अमृतपाल सिंह को शरण देने के आरोप में पंजाब में चार व्यक्ति गिरफ्तार

Text Size:

होशियारपुर (पंजाब), 15 अप्रैल (भाषा) अलगाववादी अमृतपाल सिंह को शरण देने के आरोप में एक वकील सहित चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। अमृतपाल सिंह और उसके संगठन ‘वारिस पंजाब दे’ के खिलाफ पिछले महीने पुलिस द्वारा कार्रवाई शुरू किये जाने के बाद से वह फरार है। यह जानकारी पुलिस ने शनिवार को दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान होशियारपुर के बाबक गांव के वकील राजदीप सिंह, जालंधर के सर्बजीत सिंह, जालंधर के नकोदर नगर के ओंकारनाथ और स्थानीय मोहल्ला रामगढ़ के करनैल सिंह के तौर पर की गई है।

उन्हें यहां एक अदालत में पेश किया गया, जिसने ओंकारनाथ को न्यायिक हिरासत में और बाकी तीन को चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

पुलिस ने इससे पहले तीन व्यक्तियों – लखीमपुर खीरी के गुरवंत सिंह और होशियारपुर जिले के गांव राजपुर भैयां के भाइयों हरदीप सिंह और कुलदीप सिंह को अलगाववादी अमृतपाल को शरण देने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

पंजाब पुलिस ने 18 मार्च को अमृतपाल सिंह और उनके ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के सदस्यों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी। अमृतपाल जालंधर जिले में पुलिस से बच निकला था।

भाषा अमित माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments