scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशमहाराष्ट्र में गन्ने की समस्या को लेकर पुंतंबा के किसान फिर आंदोलन शुरू करेंगे

महाराष्ट्र में गन्ने की समस्या को लेकर पुंतंबा के किसान फिर आंदोलन शुरू करेंगे

Text Size:

पुणे, 19 मई (भाषा) महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के पुंतंबा गांव के किसानों ने गन्ने और अन्य फसलों से संबंधित मुद्दों पर नए सिरे से आंदोलन शुरू करने का फैसला किया है। इससे पहले यह गांव वर्ष 2017 में किसानों के विरोध का प्रमुख केंद्र बन गया था ।

पुंतंबा गांव के सरपंच धनंजय धनवटे ने बताया कि इस संबंध में बृहस्पतिवार को ग्राम पंचायत में बैठक हुई। उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘किसानों की एक प्रारंभिक बैठक हुई, जहां हमने किसान क्रांति मोर्चा (केकेएम) के बैनर तले गन्ने से संबंधित विभिन्न मुद्दों के लिए एक और आंदोलन शुरू करने का फैसला किया।’’

धनवटे ने कहा, ‘‘(पिछले साल) अधिक बारिश के कारण राज्य में गन्ने की खेती बहुत अधिक हुयी थी, लेकिन अब चीनी मिलें फसल नहीं ले रही हैं। किसान अपने फसल को जला रहे हैं और आत्महत्या भी कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी मांग है कि जिन किसानों का गन्ना अब भी खेतों में है, उन्हें राज्य सरकार दो लाख रुपये की मदद मुहैया कराए।’’

उन्होंने कहा कि प्याज की कीमतों, बिजली की कटौती और दूध उत्पादन से जुड़े मसलों पर भी इसमें चर्चा हुई। धनवटे ने कहा, ‘‘23 मई को हमारी एक ग्राम सभा होगी और इसी में आगे की कार्रवाई पर फैसला किया जाएगा।’’

केकेएम के बैनर तले पुंतंबा के किसानों ने वर्ष 2017 में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़े पैमाने पर किसान हड़ताल का आयोजन किया था।

भाषा रंजन संतोष

संतोष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments