scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशउत्तरी दिल्ली में कार के डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर से गिरकर महिला की मौत

उत्तरी दिल्ली में कार के डिवाइडर से टकराने के बाद फ्लाईओवर से गिरकर महिला की मौत

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 मई (भाषा) उत्तरी दिल्ली में सत्यवती फ्लाईओवर पर रविवार तड़के एक कार के डिवाइडर से टकरा जाने से 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई और उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में पूनम भाटिया की मौत हो गई जबकि उनके बेटे वत्स (21) का दीप चंद बंधु अस्पताल में इलाज चल रहा है।

अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना उस समय हुई जब उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के अशोक विहार निवासी भाटिया और उनका बेटा एक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि भाटिया का बेटा कार चला रहा था।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि महिला कार से नीचे गिरने के बाद फ्लाईओवर से गिर गई। कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) उषा रंगनानी ने बताया कि सुबह करीब पांच बजे भारत नगर थाने में दुर्घटना के संबंध में सूचना मिली। जब स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तो उन्हें दिल्ली के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक गाड़ी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, सत्यवती फ्लाईओवर पर कार के डिवाइडर से टकराने के बाद चालक ने अपना नियंत्रण खो दिया।

रंगनानी ने कहा, ‘‘महिला और उसके बेटे को तुरंत दीप चंद बंधु अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में महिला ने दम तोड़ दिया, जबकि उसके बेटे का इलाज जारी है और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।’’

पुलिस ने कहा कि डॉक्टरों द्वारा महिला के बेटे को फिट घोषित किए जाने के बाद उसका बयान दर्ज किया जाएगा। पुलिस ने कहा कि महिला का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया जाएगा।

रंगनानी ने कहा, ‘‘हमने भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 279 (सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाना), 337 (किसी के जीवन को खतरे में डालने वाला कृत्य) और 304 ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया है। जांच जारी है।’’

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments