नई दिल्ली: तेजस हल्के लड़ाकू विमान (LCA) मार्क-1A (Mk1A) का पहला विमान 2027 की शुरुआत में भारतीय वायुसेना (IAF) को सौंपे जाने की उम्मीद है. यह विमान जनवरी में ही सौंपा जा सकता है. मामले की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने गुरुवार को नाम नहीं बताने की शर्त पर दिप्रिंट को यह जानकारी दी.
सरकारी एयरोस्पेस और रक्षा कंपनी हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) फरवरी 2024 की अपनी शुरुआती समय-सीमा में पहले 83 Mk1A विमानों की आपूर्ति शुरू नहीं कर पाई थी. फरवरी 2021 में इन विमानों के लिए 36,400 करोड़ रुपये का सौदा हुआ था. इसमें देरी की मुख्य वजह अमेरिकी कंपनी GE Aerospace से F404-IN20 इंजन मिलने में देरी थी. हथियारों और अन्य प्रणालियों को विमान में लगाने की मुश्किल प्रक्रिया के कारण भी इस प्रोजेक्ट पर असर पड़ा है. पहले तय किया गया था कि विमानों की पहली खेप की आपूर्ति फरवरी 2028 तक पूरी कर ली जाएगी.
सितंबर 2025 में HAL को 97 Mk1A विमानों की दूसरी खेप बनाने का 62,370 करोड़ रुपये से ज्यादा का एक और ऑर्डर मिला. इस समझौते के तहत विमानों की आपूर्ति वित्त वर्ष 2027-28 में शुरू होने और अगले छह साल में पूरी होने की उम्मीद है.
इस साल सितंबर तक अमेरिका के ओहायो राज्य के इवेनडेल में मुख्यालय वाली इंजन बनाने वाली कंपनी GE Aerospace ने तेजस Mk1A बेड़े के लिए HAL को कुल 14 F404-IN20 इंजन भेजे थे. ये इंजन 2021 में हुए 99 इंजनों के समझौते के तहत दिए गए हैं. पहला इंजन मार्च 2025 में ही पहुंचा था, जबकि इनकी आपूर्ति 2023 में शुरू होनी थी.
सूत्र ने कहा, “तेजस Mk1A से जुड़ी दो ज़रूरतें अभी पूरी होनी बाकी थीं. इनमें इज़रायल में बने रडार से जुड़ी एक या दो सुविधाएं या क्षमताएं शामिल थीं. सॉफ्टवेयर और अलग-अलग प्रणालियों को जोड़ने से जुड़ी समस्याओं को ठीक किया जा रहा है. इसमें वायुसेना की ओर से कुछ शर्तों में छूट भी दी जा सकती है. इन मुद्दों को पहला या दूसरा विमान सौंपे जाने के बाद वायुसेना की ओर से विमान के इस्तेमाल से मिली जानकारी के आधार पर सुलझाया जाएगा.”
सूत्र ने कहा, “यह कार्यक्रम कुछ बड़ी जरूरतों को पूरा करने के काफी करीब पहुंचता दिख रहा है. अगर सब कुछ प्लानिंग के मुताबिक हुआ तो पहला या पहले दो विमान जनवरी में ही सौंपे जा सकते हैं. यह एयरो इंडिया 2027 एयरोस्पेस और रक्षा प्रदर्शनी से पहले होगा.”
एयरो इंडिया, देश की सबसे बड़ी दो साल में होने वाली एयरोस्पेस प्रदर्शनी है. इसे रक्षा मंत्रालय का रक्षा उत्पादन विभाग ऑर्गनाइज़ करता है और बेंगलुरु में एयर फोर्स स्टेशन येलहंका में होता है. इसका 16वां एडिशन 8 से 12 फरवरी 2027 तक चलेगा.
वायुसेना पहले भी संकेत दे चुकी है कि तेजस Mk1A को अपने बेड़े में शामिल करने की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए वह कुछ शर्तों में अस्थायी छूट देने को तैयार है. हालांकि, इसके लिए तय समय-सीमा के अंदर उन शर्तों को पूरा करना होगा. अब बाकी बची जरूरतें भी पूरी होने के करीब हैं और इनके प्रमाणन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी हो सकती है.
कंपनी के एक सूत्र ने यह बताने से इनकार कर दिया कि पहला विमान वायुसेना को कब सौंपा जाएगा. हालांकि, सूत्र ने संकेत दिया कि वायुसेना और रक्षा क्षेत्र की सरकारी कंपनी HAL बेहतर तालमेल के साथ विमानों को वायुसेना के बेड़े में शामिल करने की दिशा में काम कर रहे हैं. कंपनी के सूत्र ने आगे कहा, “वायुसेना की परियोजना प्रबंधन टीम, HAL और प्रमाणन एजेंसी, सभी इस प्रक्रिया में शामिल हैं.”
यह घटनाक्रम वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित के बयान के बाद सामने आया है. उन्होंने अक्टूबर के आखिर में वायुसेना के 29वें प्रमुख के रूप में पदभार संभाला था. पद संभालने के अगले ही दिन उन्होंने स्वदेशी तेजस Mk1A और Mk2 लड़ाकू विमानों और एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) के साथ-साथ भारत में बने सेंसर और हथियारों को वायुसेना की ‘सबसे बड़ी प्राथमिकता’ बताया था.
दीक्षित ने कहा था, “हम भारतीय समाधानों के साथ लड़ाई लड़ेंगे.” उन्होंने यह भी कहा था कि वायुसेना इन प्रणालियों को इतनी बड़ी संख्या में अपने बेड़े में शामिल करेगी कि लंबे समय तक चलने वाले सैन्य अभियानों में भी उनका इस्तेमाल किया जा सके. उन्होंने कहा था कि वायुसेना में लड़ाकू विमानों की संख्या को फिर से तय स्तर के करीब लाना उनका “सबसे पहला काम” होगा.
HAL को Mk1A विमानों के लिए वायुसेना की ओर से तय एयर स्टाफ क्वालिटेटिव रिक्वायरमेंट्स (ASQRs) को पूरा करना होगा. ASQRs का मतलब उन खास मानकों, योग्यताओं और प्रदर्शन से जुड़े पैमानों से है, जिन्हें किसी उपकरण को सैन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरा करना जरूरी होता है. इन मानकों को दस्तावेजों में दर्ज किया जाता है.
शुरुआत में इजरायल की कंपनी ELTA के EL/M-2052 एक्टिव इलेक्ट्रॉनिकली स्कैन्ड ऐरे (AESA) रडार को पहली खेप के 83 विमानों में से कुछ में ही लगाया जाना था. बाकी विमानों में रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) का उत्तम AESA रडार लगाया जाना था. हालांकि, 2025 में HAL ने फैसला किया कि पहली खेप के सभी 83 विमानों में EL/M-2052 रडार ही लगाया जाएगा. इसकी वजह उत्तम रडार के प्रमाणन में लग रहा समय था.
Mk1A स्वदेशी तेजस Mk1 का बेहतर रूप है. तेजस Mk1 पहले से ही वायुसेना में इस्तेमाल हो रहा है. यह 4.5 पीढ़ी का लड़ाकू विमान है. इसमें AESA रडार लगा है, जिसे आधुनिक लड़ाकू विमानों के रडार का मानक माना जाता है. आम रडार में एक ही एंटीना होता है, जिसे घुमाकर अलग-अलग दिशाओं में देखा जाता है. इसके उलट AESA रडार में सैकड़ों छोटे ट्रांसमीटर और रिसीवर मॉड्यूल होते हैं, जिनकी मदद से रडार की किरणों की दिशा इलेक्ट्रॉनिक तरीके से बदली जाती है.
इससे रडार तेज़ी से आसपास के इलाके को स्कैन कर सकता है, एक ही समय में कई लक्ष्यों पर नजर रख सकता है, ज्यादा दूरी पर मौजूद दुश्मनों का पता लगा सकता है और दुश्मन की ओर से रडार को जाम करने की कोशिशों का बेहतर तरीके से मुकाबला कर सकता है.
Mk1A में बियॉन्ड विजुअल रेंज (BVR) मिसाइलें भी लगी हैं. इन मिसाइलों से दुश्मन के उन विमानों पर भी हमला किया जा सकता है, जिन्हें पायलट अपनी आंखों से नहीं देख सकता. इससे ज्यादा दूरी से ही दुश्मन के विमानों को निशाना बनाया जा सकता है. इसमें इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम भी है, जो दुश्मन के सेंसर और हथियारों से विमान की रक्षा करता है. इसके अलावा, हवा में ही ईंधन भरने की सुविधा होने के कारण यह विमान दूर के लक्ष्यों तक पहुंच सकता है और वापस अपने एयरबेस लौटने से पहले किसी इलाके में ज्यादा समय तक गश्त कर सकता है.
तेजस Mk2 को इससे भी ज्यादा उन्नत विमान के रूप में तैयार किया जा रहा है. यह आकार और वजन में ज्यादा बड़ा होगा और इसमें ज्यादा ताकतवर GE इंजन लगेगा. हालांकि, इसका प्रोटोटाइप विमान अभी तक पहली उड़ान नहीं भर पाया है.
वहीं, AMCA भारत का स्टील्थ लड़ाकू विमान है, जिसे अभी विकसित किया जा रहा है. इसे उद्योगों के साथ साझेदारी के मॉडल के तहत तैयार किया जा रहा है. इसके प्रोटोटाइप विमानों को विकसित करने और बनाने में मदद करने वाली कंपनी या कंपनियों के समूह को चुनने की प्रक्रिया चल रही है.
इसके लिए तीन दावेदार हैं. इनमें टाटा समूह और दो कंपनियों के समूह शामिल हैं. इन दो समूहों की अगुवाई क्रमशः कल्याणी समूह और लार्सन एंड टुब्रो (L&T) कर रहे हैं. इनमें से किसी एक को भी यह काम मिलने पर लड़ाकू विमान बनाने के मामले में HAL का एकाधिकार खत्म हो जाएगा. इस नजरिए से देखा जाए तो AMCA कार्यक्रम का मकसद भारत में HAL की मौजूदा क्षमता के अलावा लड़ाकू विमान बनाने की एक दूसरी उत्पादन लाइन तैयार करना है.
तेजस Mk1A विमानों को वायुसेना के बेड़े में शामिल करना इसलिए भी ज्यादा जरूरी है, क्योंकि पिछले 60 साल में इस समय वायुसेना के पास सबसे कम लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन हैं. वायुसेना के पास अभी 42 स्क्वाड्रन की तय संख्या के मुकाबले सिर्फ 29 सक्रिय लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन हैं.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: घाटे से मुनाफे तक: ऑर्डनेंस फैक्ट्री बोर्ड के बंटवारे के 5 साल बाद 7 DPSUs की रिपोर्ट कार्ड