नई दिल्ली: सुरक्षा में बड़ी चूक के मामले में रविवार शाम सिकंदराबाद में भारतीय सेना की मद्रास रेजिमेंट के शस्त्रागार से चार AK-203 असॉल्ट राइफल, छह 9 mm पिस्तौल और एक INSAS राइफल के साथ गोला-बारूद चोरी हो गया.
सोमवार को भारतीय सेना की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज होने के बाद मल्काजगिरी पुलिस कमिश्नरेट ने परिसर से चार अग्निवीरों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. पता चला है कि मामला भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) (छिपकर घर में घुसना या घर में सेंध लगाना) और 305 (खास सुरक्षा वाली जगहों से चोरी) समेत अन्य धाराओं के तहत दर्ज किया गया है.
हालांकि, अधिकारियों ने कहा कि इन चारों को सिर्फ शक के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और अभी तक किसी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार नहीं किया गया है.
हथियारों के अलावा, सेना ने पुलिस को बताया कि शस्त्रागार से करीब 1,800 राउंड गोला-बारूद और 21 मैगजीन भी गायब हैं. इसके बाद सिकंदराबाद के पूरे बोलारम कैंटोनमेंट इलाके को हाई अलर्ट पर रखा गया है. गायब हुए राउंड में से करीब 700 AK-203 राइफल के थे.
इस मामले की जांच की स्थिति को लेकर मल्काजगिरी पुलिस कमिश्नर बी. सुमति के बयान का इंतजार है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 20 मद्रास रेजिमेंट में तैनात सेना के जवानों ने पुलिस को बताया कि शस्त्रागार से करीब एक दर्जन हथियार गायब हो गए हैं.
रविवार शाम शस्त्रागार की आखिरी बार जांच की गई थी और हथियारों का हिसाब भी किया गया था. लेकिन सोमवार सुबह बोलारम परिसर में हथियारों और गोला-बारूद की देखरेख के लिए तैनात सेना के जवानों ने पाया कि हथियारों और गोला-बारूद वाले बक्सों के ताले जबरन तोड़े गए थे.
सूत्रों ने बताया कि परिसर में लगे सभी CCTV कैमरों की जांच की जा रही थी.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान ने SCO की तस्वीर से मोदी समेत 5 नेताओं को किया क्रॉप, शहबाज को फ्रेम के बीच में रखा