नई दिल्ली: अभिनेता नसीरुद्दीन शाह ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के जारी प्रदर्शन पर अपनी बात रखी. वीडियो में वह भावुक नज़र आए और उनकी आंखों में आंसू थे. हालांकि, यह वीडियो अब उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर उपलब्ध नहीं है.
उन्होंने कहा कि देश चलाने वाले लोग अज्ञानी हैं और चाहते हैं कि पूरा देश “अज्ञानी, मूर्ख, असफल और बेरहम” बन जाए.
शाह ने बताया कि उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से अभिनय की पढ़ाई की है, लेकिन उन्होंने सबसे ज्यादा अपने छात्रों से सीखा है.
उन्होंने कहा, “अभिनय के बारे में मैंने सबसे ज्यादा उन बच्चों, उन छात्रों से सीखा है, जिन्हें मैंने सिखाने की कोशिश की.”
उन्होंने यह भी कहा कि वह हर सांस के साथ अपने हर छात्र को हज़ारों आशीर्वाद देते हैं और हर शिक्षक दिवस पर उन्हें सलाम करते हैं. उन्होंने कहा, “इन गुंडों के हाथों बच्चों के साथ जो क्रूरता हो रही है, उसे देखकर मेरा खून खौल रहा है.”
उन्होंने इन लोगों के व्यवहार की तुलना अमेरिका की ICE एजेंसी के उन अधिकारियों से की, “जो चेहरे पर नकाब पहनते हैं और हाथ में डंडे लेकर चलते हैं.”
शाह ने सत्ता में बैठे लोगों से कहा कि वे अपने बच्चों के बारे में भी सोचें.
उन्होंने छात्रों से उम्मीद न हारने की अपील करते हुए कहा कि हज़ारों लोग उनके साथ खड़े हैं. उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा देश के युवाओं पर भरोसा रहा है और अब यह भरोसा पहले से भी ज्यादा मजबूत हो गया है.
वीडियो के आखिर में उन्होंने सरकार से कहा, “मैं इस देश की सरकार से सिर्फ इतना कहना चाहता हूं—सब कुछ याद रखा जाएगा.”
मंगलवार को सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हुए, जिनमें दावा किया गया कि नसीरुद्दीन शाह अपने बेटे विवान शाह के साथ जंतर-मंतर के प्रदर्शन में शामिल हुए थे.
हालांकि, यह वीडियो मुंबई के रीगल सिनेमा के बाहर एक शूटिंग के बाद का था. इस बारे में पूछे जाने पर विवान शाह ने साफ किया कि वे छात्रों के साथ हैं, लेकिन वायरल वीडियो पुराना है.
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: पुलिस कार्रवाई के दौरान भगदड़ जैसी स्थिति में घायल 20 साल की छात्रा अब भी वेंटिलेटर पर