scorecardresearch
Tuesday, 14 July, 2026
होमसमाज-संस्कृतिअसम सरकार लॉन्च करेगी अपना OTT प्लेटफॉर्म, हिमंत बोले—असम की कहानियों को मिलेगा नया मंच

असम सरकार लॉन्च करेगी अपना OTT प्लेटफॉर्म, हिमंत बोले—असम की कहानियों को मिलेगा नया मंच

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राज्य समर्थित OTT प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की घोषणा की. उन्होंने कहा—"प्रिय OTT प्लेटफॉर्म्स, अब थोड़ी जगह असम के लिए भी बनाइए."

Text Size:

नई दिल्ली: असम सरकार जल्द ही अपना सरकारी ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘असम TV’ लॉन्च करने जा रही है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने इसकी जानकारी अपने एक्स अकाउंट पर दी. उन्होंने कहा कि यह ऐसा प्लेटफॉर्म होगा, जहां लोग “घर के करीब की कहानियां लगातार देख सकेंगे.”

उन्होंने लिखा, “डियर ओटीटी प्लेटफॉर्म्स, अब थोड़ी जगह असम के लिए भी बनाइए. असम बजट 2026 में असमिया सिनेमा, लोक संगीत, डॉक्यूमेंट्री, साहित्य और दूसरी सांस्कृतिक सामग्री के लिए एक खास OTT प्लेटफॉर्म बनाने का विजन रखा गया है.”

यह पहली बार नहीं है जब किसी राज्य सरकार ने अपना OTT प्लेटफॉर्म शुरू किया हो.

केरल सरकार ने 2022 में CSpace लॉन्च किया था. यह प्लेटफॉर्म केरल स्टेट फिल्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के सहयोग से शुरू हुआ था और इसमें मुख्य रूप से मलयालम फिल्में और डॉक्यूमेंट्री दिखाई जाती हैं. इसके अगले साल मेघालय सरकार ने Hello Meghalaya लॉन्च किया.

यह प्लेटफॉर्म मुख्य रूप से राज्य की संस्कृति, पर्यटन, डॉक्यूमेंट्री, क्षेत्रीय संगीत महोत्सव और राज्य की फुटबॉल लीग से जुड़ी सामग्री दिखाता है. इसके अलावा कई निजी OTT प्लेटफॉर्म भी क्षेत्रीय फिल्मों को बढ़ावा देते हैं.

Hoichoi, जो SVF Entertainment का बंगाली OTT प्लेटफॉर्म है, उस पर बड़ी संख्या में वेब सीरीज, टीवी धारावाहिक और 1,000 से ज्यादा बंगाली गाने उपलब्ध हैं.

इसी तरह Olly TV एक ओड़िया भाषा का OTT प्लेटफॉर्म है, जिसे SK Line Production ने 2022 में शुरू किया था.

CityShor TV, जिसे 2020 में लॉन्च किया गया था, एक गुजराती OTT प्लेटफॉर्म है.

NammaFlix कन्नड़ भाषा की सामग्री दिखाता है. इस पर 100 से ज्यादा फिल्में और कई ओरिजिनल वेब सीरीज उपलब्ध हैं.

Planet Marathi, जिसे उद्यमी अक्षय बर्दापुरकर ने शुरू किया, मराठी भाषा और संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है. इस प्लेटफॉर्म पर ओरिजिनल फिल्में, वेब सीरीज के साथ-साथ पॉडकास्ट भी उपलब्ध हैं.

असमिया फिल्म इंडस्ट्री को लोकप्रिय रूप से ‘जॉलीवुड’ (Jollywood) कहा जाता है.

‘कोथानोडी’ (2015) जैसी फिल्मों ने, जिसे असमिया भाषा की सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था, और ‘आमिस’ (2019) जैसी चर्चित फिल्मों ने असमिया सिनेमा को देशभर में पहचान दिलाई है.

सरकार के इस नए OTT प्लेटफॉर्म को लेकर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आई है.

@imnazir07 ने लिखा, “वाह! यह देखकर बहुत गर्व हो रहा है कि असम का अपना OTT प्लेटफॉर्म होगा. अब हमारे सिनेमा, संगीत, संस्कृति और कहानियों को वह जगह मिलेगी, जिसके वे हकदार हैं.”

हालांकि, कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि क्या सरकार को खुद OTT प्लेटफॉर्म चलाने की जरूरत है.

@dkg334 ने लिखा, “सरकार को ऐसे काम करने की क्या जरूरत है? बेहतर होगा कि सरकार निजी कंपनियों को इसके लिए सब्सिडी दे.”

(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)

share & View comments