scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशअर्थजगतबेन कैपिटल समर्थित धूत ट्रांसमिशन ने बेंगलुरु की मल्टीलिंक का किया अधिग्रहण

बेन कैपिटल समर्थित धूत ट्रांसमिशन ने बेंगलुरु की मल्टीलिंक का किया अधिग्रहण

Text Size:

मुंबई, 28 अप्रैल (भाषा) बेन कैपिटल समर्थित धूत ट्रांसमिशन ने दोपहिया एवं तिपहिया मूल उपकरण विनिर्माताओं (ओईएम) के लिए विद्युत तथा इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाने वाली बेंगलुरु स्थित मल्टीलिंक का अधिग्रहण किया है।

कंपनी ने मंगलवार को बयान में कहा कि यह अधिग्रहण वाहनों में तेजी से बढ़ते विद्युतीकरण की प्रवृत्ति का लाभ उठाने की उसकी रणनीति के अनुरूप है जिसे इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के बढ़ते उपयोग से समर्थन मिल रहा है।

कंपनी ने हालांकि इस सौदे के आकार का खुलासा नहीं किया।

धूत ट्रांसमिशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल धूत ने कहा, ‘‘ मल्टीलिंक, धूत के लिए एक रणनीतिक रूप से सही विकल्प है क्योंकि इसका उत्पाद खंड उससे मेल खाता है और इसके ग्राहकों के साथ लंबे समय से संबंध हैं। यह अधिग्रहण तेजी से विकसित हो रहे दोपहिया एवं तिपहिया क्षेत्रों में हमारी स्थिति को मजबूत करता है जहां विद्युतीकरण और बढ़ती इलेक्ट्रॉनिक सामग्री संरचनात्मक वृद्धि को बढ़ावा दे रही है।’’

मल्टीलिंक के प्रवर्तक एच. जी. वासुकी ने कहा, ‘‘ धूत का पैमाना, ग्राहक संबंध और विनिर्माण क्षमताएं…साथ ही बेन कैपिटल का रणनीतिक समर्थन, वृद्धि के अगले चरण के लिए एक मजबूत मंच प्रदान करते हैं।’’

धूत ट्रांसमिशन की वैश्विक स्तर पर 20 विनिर्माण इकाइयां हैं। यह डिजाइन, इंजीनियरिंग और विनिर्माण कार्यों में संलग्न है।

भाषा निहारिका

निहारिका

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments