scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशछात्र की मौत का मामला: केरल में राज्यव्यापी हड़ताल के कारण जन-जीवन

छात्र की मौत का मामला: केरल में राज्यव्यापी हड़ताल के कारण जन-जीवन

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 28 अप्रैल (भाषा) केरल में कन्नूर डेंटल कॉलेज के छात्र नितिन राज की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर विभिन्न दलित संगठनों द्वारा आहूत राज्यव्यापी हड़ताल का असर मंगलवार को पूरे प्रदेश में देखा गया।

राज्य के कई हिस्सों में कार्यकर्ताओं द्वारा वाहनों की आवाजाही अवरुद्ध किए जाने से इस विरोध प्रदर्शन के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया।

विभिन्न स्थानों पर हड़ताल समर्थकों द्वारा दुकानों को बंद करवाए जाने की घटनाएं भी सामने आईं।

राज्य की राजधानी और कन्नूर समेत विभिन्न इलाकों में हड़ताल कर रहे लोगों ने वाहनों की आवाजाही रोक दी। हालांकि, दोपहिया वाहनों को आने-जाने दिया गया।

विभिन्न दलित संगठनों ने छात्र की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर सोमवार को राज्यव्यापी हड़ताल का आह्वान किया था।

यह हड़ताल मंगलवार सुबह छह बजे से शाम छह बजे तक रहेगी।

‘जस्टिस फॉर नितिन राज एक्शन काउंसिल’ समेत 52 दलित संगठनों ने इस हड़ताल का आह्वान किया है।

संगठनों ने लोगों से सहयोग का अनुरोध करते हुए सोमवार को कहा था कि किसी भी वाहन को जबरन नहीं रोका जाएगा और सभी आवश्यक सेवाएं बंद से मुक्त रहेंगी।

कन्नूर जिले के अंजराकांडी स्थित एक निजी डेंटल कॉलेज में बीडीएस प्रथम वर्ष का छात्र नितिन राज 10 अप्रैल को एक इमारत से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गयी थी।

पुलिस ने छात्र के परिजनों के आरोपों के आधार पर दो संकाय सदस्यों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।

परिजनों का आरोप है कि छात्र को जाति और रंगभेद के आधार पर प्रताड़ित किया जा रहा था।

बंद का समर्थन कर रहे संगठनों में शामिल केरल पिन्नोका समुदाय मुन्नानी (केपीएसएम) ने एक बयान में आरोप लगाया कि पुलिस जांच में उदासीनता बरत रही है और आरोपियों को बचाने की कोशिश कर रही है।

केपीएसएम के प्रदेश अध्यक्ष के वी पद्मनाभन और महासचिव एस अनवर ने आरोप लगाया कि नितिन राज की मौत की जांच में जानबूझकर देरी की जा रही है।

भाषा यासिर खारी

खारी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments