scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमखेलहेजलवुड और भुवनेश्वर के दम पर आरसीबी ने कैपिटल्स को नौ विकेट से रौदा

हेजलवुड और भुवनेश्वर के दम पर आरसीबी ने कैपिटल्स को नौ विकेट से रौदा

Text Size:

… अमित आनंद …

नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) भुवनेश्वर कुमार (तीन ओवर में पांच रन पर तीन विकेट) और जोश हेजलवुड (3.3 ओवर में 12 रन पर चार विकेट) की कमाल की गेंदबाजी के दम पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में सोमवार को यहां दिल्ली कैपिटल्स को 81 गेंद शेष रहते नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। कैपिटल्स की पारी को 16.3 ओवर में 75 रन पर समेटने के बाद आरसीबी ने देवदत्त पडिक्कल (13 गेंद में नाबाद 34 रन) और विराट कोहली (15 गेंद में नाबाद 23 रन) की आक्रामक बल्लेबाजी से 6.3 ओवर में एक विकेट पर 77 रन बनाकर एकतरफा जीत दर्ज की। टीम ने आठ मैचों में यह छठी जीत दर्ज कर तालिका में दूसरे स्थान पर अपनी स्थिति और मजबूत की, जबकि दिल्ली की यह आठ मैचों में पांचवीं हार है। आरसीबी ने इसके साथ ही आईपीएल इतिहास में गेंद के हिसाब से दूसरा सबसे तेज लक्ष्य हासिल कर मौजूदा सत्र में 18 अप्रैल को कैपिटल्स से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया। पिछले मैच में पंजाब किंग्स के खिलाफ दो विकेट पर 264 रन के साथ अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने वाली कैपिटल्स टीम का यह आईपीएल में तीसरा सबसे कम स्कोर है। टीम के लिए अभिषेक पोरेल ने सबसे ज्यादा 30 रन का योगदान दिया। उनके अलावा डेविड मिलर (19) और काइल जैमीसन (12) ही दहाई के आंकड़े में रन बना सके। हेजलवुड और भुवनेश्वर की टेस्ट मैच जैसी ऑफ स्टंप के बाहर स्विंग होती गेंदों का कैपिटल्स के बल्लेबाजों के पास कोई जवाब नहीं था और टीम ने शुरुआती तीन ओवर में नौ रन तक छह विकेट गंवा दिए। पावरप्ले के बाद कैपिटल्स का स्कोर छह विकेट पर 13 रन था। यह आईपीएल में पावरप्ले का सबसे कम स्कोर है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स ने 2009 में आरसीबी के खिलाफ दो विकेट पर 14 रन बनाए थे। सुयश शर्मा ने चार ओवर में सिर्फ सात रन देकर एक सफलता हासिल की। रसिख सलाम और कृणाल पंड्या को भी एक-एक सफलता मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए जैकब बेथेल (20) ने पारी की पहली ही गेंद पर जैमीसन के खिलाफ चौका जड़ा और फिर इस गेंदबाज के दूसरे ओवर में लगातार दो छक्के लगाए। इसी ओवर में एक और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में वह गेंद को हवा में खेल बैठे और टी. नटराजन ने पीछे भागते हुए शानदार कैच लपका। क्रीज पर आए पडिक्कल ने दुष्मंता चमीरा के खिलाफ पांचवें ओवर में दो चौके और दो छक्के जड़कर अपने तेवर दिखाए। कोहली ने छठे ओवर की आखिरी गेंद पर एक रन लेकर आईपीएल में अपने 9000 रन पूरे किए और फिर अगले ओवर में नटराजन के खिलाफ दो छक्के लगाकर स्टेडियम में बड़ी संख्या में पहुंचे अपने प्रशंसकों को जश्न मनाने का मौका दिया। इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पारी की दूसरी ही गेंद पर अनुभवी भुवनेश्वर कुमार ने पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज साहिल पारख को खाता खोले बिना बोल्ड किया, तो वहीं हेजलवुड ने शुरुआती दो गेंदों पर शानदार लय में चल रहे लोकेश राहुल (एक) और समीर रिजवी को आउट किया। ट्रिस्टन स्टब्स (पांच) ने हेजलवुड के खिलाफ चौका जड़कर उन्हें हैट्रिक पूरी करने से रोका, लेकिन भुवनेश्वर ने तीसरे ओवर की पहली गेंद पर दक्षिण अफ्रीका के इस बल्लेबाज और फिर कप्तान अक्षर पटेल (शून्य) को आउट कर सात रन तक कैपिटल्स की आधी टीम को पवेलियन भेज दिया। कैपिटल्स को इसके बाद तीसरे ओवर में ही इम्पैक्ट प्लेयर का इस्तेमाल करना पड़ा, जब पारख की जगह पोरेल बल्लेबाजी के लिए आए लेकिन हेजलवुड ने पडिक्कल के हाथों नीतीश राणा (एक) को कैच कराया, जिससे टीम ने आठ रन तक छह विकेट गंवा दिए। हेजलवुड और भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पावर प्ले में कैपिटल्स के बल्लेबाज सिर्फ एक चौका लगा सके। पोरेल ने सातवें ओवर में रसिख सलाम के खिलाफ चौका जड़कर 28 गेंदों के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया, तो वहीं मिलर ने भी इसी ओवर में दूसरा चौका लगाकर दबाव को कम किया। उन्होंने इसके बाद एक रन चुराकर टी20 प्रारूप में 12000 रन पूरे किए। मिलर ने सलाम के खिलाफ दो चौके लगाए, तो लगा कि कैपिटल्स की पारी कुछ हद तक पटरी पर लौट आएगी, लेकिन वह गेंद को हवा में खेल बैठे और जितेश ने आसान कैच पकड़कर 31 गेंदों में 35 रन की साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद धूल भरी आंधी के कारण खेल में थोड़ी रुकावट आई। धूल के साथ इस आंधी में कच्ची रूई, कागज और कपड़े के टुकड़े भी उड़कर मैदान में गिरने लगे, लेकिन अंपायरों ने मैच जारी रखने का फैसला किया। जैमीसन ने रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर कैपिटल्स की पारी का पहला छक्का जड़कर 11वें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया। वह हालांकि कृणाल पंड्या की गेंद पर पगबाधा हो गए। सुयश शर्मा के दो वाइड से दिल्ली ने पारी के 14वें ओवर में आईपीएल इतिहास के अपने सबसे कम स्कोर को पार किया। सुयश शर्मा ने कुलदीप यादव (तीन) को बोल्ड कर कैपिटल्स को नौवां झटका दिया, तो वहीं हेजलवुड ने पोरेल को आउट कर कैपिटल्स की पारी समेट दी। भाषा आनन्द सुधीरसुधीर

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments