नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) देश के निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में शुल्क मुक्त पहुंच देकर व्यापार विस्तार के महत्वपूर्ण अवसर खोलेगा। भारतीय उद्योग जगत ने सोमवार को यह बात कही।
भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) ने कहा कि यह समझौता अत्याधुनिक विनिर्माण, कृषि प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रसंस्करण, डिजिटल प्रौद्योगिकी, दवा जैसे उच्च वृद्धि वाले क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग के लिए रास्ते खोलेगा।
सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी ने कहा कि एफटीए भारतीय उद्योग के लिए एक मील का पत्थर है और भारतीय निर्यात की प्रतिस्पर्धी क्षमता को काफी बढ़ाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘कपड़ा, चमड़ा, सिरेमिक और वाहन कल-पुर्जे जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर शुल्क हटाकर, यह समझौता बड़े पैमाने पर उत्पादन, बाजार विविधीकरण और निरंतर निर्यात वृद्धि के नए रास्ते खोलता है। यह समझौता उत्पादकता बढ़ाएगा, व्यापार लागत कम करेगा और लघु एवं मध्यम उद्यमों को मजबूत समर्थन प्रदान करेगा।’
महिंद्रा समूह के सीईओ और प्रबंध निदेशक अनीश शाह ने कहा, ”भारत-न्यूजीलैंड एफटीए साझा विश्वास पर आधारित है और यह उल्लेखनीय गति से संपन्न हुआ है। यह समझौता आर्थिक संबंधों को मजबूत करने में एक महत्वपूर्ण कदम है। महिंद्रा समूह के लिए यह कृषि समाधान, गतिशीलता, प्रौद्योगिकी और आतिथ्य क्षेत्रों में नए अवसर पैदा करता है। साथ ही नवाचार और अधिक मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं को सक्षम बनाता है।”
भाषा पाण्डेय रमण
रमण
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.