नयी दिल्ली, 27 अप्रैल (भाषा) भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि चोटों से जूझने वाले बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहसिन खान के भारत के लिए पदार्पण करने के बीच फिटनेस ही एकमात्र रुकावट है।
उत्तर प्रदेश के 27 साल के छह फीट तीन इंच लंबे मोहसिन ने आईपीएल के मौजूदा सत्र में शानदार गेंदबाजी की है। उन्होंने अपने पिछले चार मैच में नौ विकेट लिए हैं जिसमें रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ 23 रन पर पांच विकेट भी शामिल हैं।
मोहसिन की मेडन ओवर में विकेट लेने की काबिलियत पर ‘जियो स्टार’ विशेषज्ञ पठान ने कहा, ‘‘जब भी वह मेडन ओवर डालता है तो हमेशा बल्लेबाज का विकेट लेने में कामयाब रहता है। पिछली बार उसने वैभव सूर्यवंशी के खिलाफ भी यही किया था और अब टिम सीफर्ट के खिलाफ भी वही योजना काम आई।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब उसने सीफर्ट को आउट किया तो एक रन लेग बाई से आया था लेकिन मोहसिन ने अच्छी गेंदबाजी की और विकेट ले लिया। इस सत्र में उसने तीन मेडन ओवर डाले हैं और उनमें से एक मेडन ओवर में उसने वैभव सूर्यवंशी जैसे बल्लेबाज का विकेट भी लिया था।’’
इरफान ने कहा, ‘‘इससे मोहसिन खान की काबिलियत का पता चलता है। अगर वह खुद को फिट रखने में कामयाब रहता है तो कोई भी उसे भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने से नहीं रोक सकता। उसकी फिटनेस ही एकमात्र रुकावट है क्योंकि वह अक्सर लंबे समय तक चोटिल रहता है।’’
भाषा सुधीर
सुधीर
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.