scorecardresearch
Monday, 27 April, 2026
होमदेशदेहरादून में रविवार को 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ मौसम का सबसे गर्म दिन

देहरादून में रविवार को 39.2 डिग्री सेल्सियस के साथ मौसम का सबसे गर्म दिन

Text Size:

देहरादून, 26 अप्रैल (भाषा) उत्तराखंड में तेज गर्मी का दौर जारी हैं जहां राजधानी देहरादून में 39.2 डिग्री सेल्यियस तापमान के साथ रविवार को इस साल का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र देहरादून ने यहां बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय दोनों क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किए गए।

देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। यह तापमान देहरादून का इस साल का सबसे गर्म दिन रहा।

इसने बताया कि रूड़की में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से साढ़े तीन डिग्री अधिक है जबकि पंतनगर में पारा सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा यानी 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम केंद्र के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल चिलचिलाती गर्मी से राहत नहीं मिलेगी और अगले एक—दो दिनों के दौरान तापमान में कोई विशेष परिवर्तन देखने को नहीं मिलेगा। खासतौर से मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी अधिक ही रहेगा।

केंद्र के अनुसार हालांकि, प्रदेश के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर एवं पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश तथा 4400 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का पूर्वानुमान भी जताया गया है।

इस बीच, अत्यधिक तापमान तथा लू चलने की आशंका के मद्देनजर देहरादून जिले में कक्षा एक से 12 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। इस संबंध में देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल ने आदेश जारी किए हैं।

भाषा दीप्ति देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments