जयपुर, 26 अप्रैल (भाषा) राजस्थान पुलिस के गैंगस्टर विरोधी कार्य बल (एजीटीएफ) ने संगठित अपराध से जुड़े दो कथित कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान चुरू जिला निवासी कृष्णा सिंह (31) और कुचामन-डीडवाना निवासी लक्ष्मण सिंह (34) के रूप में हुई है। दोनों को जयपुर के करधनी क्षेत्र से पकड़ा गया।
एजीटीएफ के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विकास कुमार ने बताया कि कृष्णा सिंह पिछले तीन वर्षों से फरार था और 2023 में सुजानगढ़ स्थित आभूषणों की दुकान में हुई गोलीबारी की घटना में संलिप्त था। उसके गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े होने और रंगदारी वसूली गतिविधियों में शामिल होने की भी आशंका है।
कुमार ने बताया कि लक्ष्मण सिंह पर लगभग 27 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, झपटमारी और अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वह कई थानों में दर्ज मामलों में फरार चल रहा था।
दोनों आरोपियों को विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर पकड़ा गया और उनसे पूछताछ की जा रही है।
भाषा बाकोलिया धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.