scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशलंदन फिल्म महोत्सव में 'उमराव जान' के नये संस्करण का पहली बार प्रदर्शन

लंदन फिल्म महोत्सव में ‘उमराव जान’ के नये संस्करण का पहली बार प्रदर्शन

Text Size:

(अदिति खन्ना)

लंदन, 26 अप्रैल (भाषा) वर्ष 1981 की प्रसिद्ध ऐतिहासिक फिल्म ‘उमराव जान’ के नये परिष्कृत संस्करण को अगले सप्ताह लंदन में शुरू होने वाले ‘टंग्स ऑन फायर यूके एशियन फिल्म फेस्टिवल’ में पहली बार यूरोप के दर्शकों के सामने प्रदर्शित किया जाएगा।

लखनऊ की एक तवायफ एवं कवयित्री के जीवन पर आधारित इस कालजयी फिल्म का ‘4के’ तकनीक से नया संस्करण भारतीय राष्ट्रीय फिल्म अभिलेखागार द्वारा तैयार किया गया है। फिल्म में मुख्य भूमिका अभिनेत्री रेखा ने निभाई थी। ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (बीएफआई) में फिल्म के प्रदर्शन के बाद निर्देशक मुजफ्फर अली इसके विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे। यह आयोजन इस वर्ष के मुख्य विषय ‘‘हमें जोड़ने वाली कहानियां’’ के तहत आयोजित फिल्मों की शृंखला का हिस्सा है।

यूके एशियन फिल्म फेस्टिवल (यूकेएएफएफ) की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. पुष्पेंद्र चौधरी ने एक बयान में कहा, ‘‘हमें एक ऐसा कार्यक्रम पेश करने पर गर्व है, जो निर्भीक और उत्कृष्ट कहानी कला का उत्सव मनाता है, महत्वपूर्ण एवं गंभीर विषयों पर संवाद की शुरुआत करता है और स्थापित एवं उभरते फिल्म निर्माताओं के असाधारण कार्यों को प्रदर्शित करता है।’’

महोत्सव का समापन 10 मई को वार्षिक ‘यूकेएएफएफ’ पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा, जिसमें फिल्म निर्माता मुजफ्फर अली को ‘गोल्डन फ्लेम लाइफटाइम अचीवमेंट’ (जीवनपर्यंत उपलब्धि) पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।

भाषा सुमित सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments