पणजी, 26 अप्रैल (भाषा) गोवा के सेंट फ्रांसिस जेवियर के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर हिमाचल प्रदेश में गिरफ्तार किये गये दक्षिणपंथी वक्ता गौतम खट्टर को ‘ट्रांजिट रिमांड’ पर यहां लाया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि सनातन महासंघ नामक संगठन के संस्थापक खट्टर को कई दिनों की तलाशी के बाद शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गिरफ्तार किया गया था।
उन्होंने कहा कि अपराध शाखा की एक टीम रविवार दोपहर खट्टर को लेकर मनोहर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंची।
पुलिस ने कहा कि खट्टर को यहां एक अदालत में पेश किया जाएगा, जो उनकी हिरासत के संबंध में फैसला करेगी । उसने कहा कि मामले की जांच अभी जारी है।
गोवा पुलिस पिछले सप्ताह से खट्टर की तलाश कर रही है, जब पणजी में उनके खिलाफ ‘धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने’ के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
खट्टर के एक वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद विवाद पैदा हो गया था। वीडियो में वह सेंट जेवियर के खिलाफ कथित रूप से ‘आपत्तिजनक’ बयान देते हुए नजर आ रहे हैं। ओल्ड गोवा के बॉम जीसस चर्च के बेसिलिका में सेंट जेवियर के पवित्र अवशेष संरक्षित हैं।
खट्टर ने 18 अप्रैल को एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बयान दिया था। कार्यक्रम में धार्मिक गुरु स्वामी ब्रह्मेशानंद, गोवा के परिवहन मंत्री मौविन गोडिन्हो और भाजपा विधायक संकल्प अमोनकर और दाजी (कृष्ण) सालकर मौजूद थे।
विभिन्न संगठनों ने उनके बयान को लेकर शिकायतें दर्ज कराई थीं जिसके बाद गोवा पुलिस ने 21 अप्रैल को शत्रुता को बढ़ावा देने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की।
दक्षिण गोवा के वास्को थाने में खट्टर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में मार्गाओ, पणजी, वास्को, अंजुना और ओल्ड गोवा के थानों में कई शिकायतें दर्ज होने के बाद मामला अपराध शाखा को सौंपा गया।
अपराध शाखा ने इससे पहले इसी मामले में उनके भाई माधव को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था।
भाषा
राजकुमार रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.