शिमला, 25 अप्रैल (भाषा) पंजाब के एक कुख्यात गैंगस्टर और उसके सात साथियों को शनिवार को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई पंजाब की अपराध जांच एजेंसी (सीआईए) ने राज्य पुलिस के समन्वय से की है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की पहचान पंजाब के गैंगस्टर हरप्रीत सिंह और उसके साथियों राम सिंह, गुरप्रीत सिंह, सतनाम उर्फ सागर, सिकंदर, राजबिंदर, कोमल और तलविंदर कौर के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी बृहस्पतिवार को मणिकरण पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उनकी गतिविधियों पर नजर रखी और कुल्लू पुलिस की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार, हरप्रीत के खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कुल्लू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मदन लाल कौशल ने कहा कि यह सफल अभियान पंजाब और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर तालमेल का नतीजा है।
उन्होंने कहा, ‘गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।’
भाषा
सुमित देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.