scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमखेलभारतीय महिला टीम ने बनाए पांच विकेट पर 185 रन

भारतीय महिला टीम ने बनाए पांच विकेट पर 185 रन

Text Size:

जोहानिसबर्ग, 25 अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला टीम शनिवार को यहां पांच मैचों की श्रृंखला के चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका की अनुशासित गेंदबाजी के सामने पांच विकेट पर 185 रन ही बना सकी।

भारतीय टीम के लिए जेमिमा रोड्रिग्स 43 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहीं जबकि दीप्ति शर्मा ने नाबाद 36 और विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने नाबाद 34 रन का योगदान दिया।

दक्षिण अफ्रीका के लिए एलिज मारी मार्क्स और कायला रेनेके ने दो दो विकेट चटकाए।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत की शुरुआत खराब रही और शेफाली वर्मा को एलिज मार्क्स ने आउट किया। वहीं स्मृति मंधाना की जगह टीम में शामिल हुईं अनुष्का शर्मा 23 रन बनाकर आउट हो गईं।

पावरप्ले के खत्म होने तक भारत का स्कोर दो विकेट के नुकसान पर 47 रन था।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (22) और जेमिमा रोड्रिग्स (43) ने तीसरे विकेट के लिए छह ओवर से कुछ ज्यादा समय में 55 रन जोड़े।

रोड्रिग्स ने विशेष रूप से प्रभावित किया, उन्होंने 11वें ओवर में स्पिनर नोंखु म्लाबा की गेंद पर 24 रन बटोरे जिसमें 4, 2, 6, 6, 2, 4 के क्रम में रन बने।

इसमें गेंदबाज के सिर के ऊपर से सीधे लगाए गए लगातार दो छक्के देखने लायक थे।

लेकिन जैसे ही भारत की पारी में कुछ तेजी आने लगी रोड्रिग्स ऑफ स्पिनर कायला रेनेके की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने में नाकाम रहीं और आउट हो गईं। उन्हें 18 रन के स्कोर पर भी जीवनदान मिला था।

हरमनप्रीत भी शानदार लय में दिख रही थीं। उन्होंने मार्क्स की गेंद पर एक छक्का और क्लो ट्रायोन की गेंद पर एक चौका जड़ा। लेकिन रेनेके की गेंद पर भारतीय कप्तान के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और विकेट के पीछे खड़ी सिनालो जाफ्टा ने इसे लपक लिया।

दीप्ति शर्मा (26 गेंद) और घोष (18 गेंद) ने छठे विकेट के लिए 65 रन जोड़े, लेकिन वे तेजी से रन बनाने में कामयाब नहीं हो पाईं।

हालांकि आखिरी पांच ओवरों में इस जोड़ी ने 56 रन बनाकर अपनी टीम के गेंदबाज़ों को बचाव के लिए एक सम्मानजनक स्कोर दे दिया।

भाषा नमिता

नमिता

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments