बोकारो, 25 अप्रैल (भाषा) झारखंड के बोकारो जिले में जमुनिया नदी में प्लास्टिक के बोरे में बंद एक अज्ञात महिला का शव मिलने के मामले को सुलझाने का दावा करते हुए पुलिस ने शनिवार को पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि चिरुबाद गांव के पास नदी में बहता मिला शव बेबी देवी का था, जो 20 अप्रैल से चास थाना क्षेत्र से लापता थी।
एसपी ने कहा, ‘‘मुख्य आरोपी गुड्डू बरनवाल ने अपने साथियों के साथ मिलकर पुराने विवाद के कारण बेबी देवी की हत्या कर दी थी और शव को नदी में फेंक दिया था।’’
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव को चंद्रपुरा स्थित डीवीसी अस्पताल के शवगृह में रखा गया था, जहां बेबी देवी के पति ने उसकी पहचान की।
पुलिस ने बताया, ‘‘एक विशेष जांच दल (एसआईटी) ने तकनीकी जानकारी का इस्तेमाल किया और चास में पुलिस मुखबिरों की मदद ली। परिजनों द्वारा जताए गए संदेह और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर शुक्रवार को बोकारो के सेक्टर-9 इलाके से गुड्डू बरनवाल और अनिल कुमार को पकड़ा गया।’’
जांच में सामने आया कि बेबी देवी और गुड्डू बरनवाल पहले से एक-दूसरे को जानते थे।
आपसी विवाद से गुस्से में आकर आरोपी ने हत्या को अंजाम देने के लिए अपने साथी को 40,000 रुपये दिए थे।
पुलिस के अनुसार, ‘‘आरोपियों ने बेबी देवी की हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उन्होंने पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में भरकर नदी में फेंकने की बात भी कबूल की है।’’
पुलिस के मुताबिक मामले में मुख्य आरोपी गुड्डू बरनवाल (42), शौकत रज़ा (24), जागेश्वर महतो (23), विवेक कुमार (30) और अनिल कुमार (41) को गिरफ्तार किया गया है।
भाषा
सुमित धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.