बीजापुर, 25 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक सरकारी स्कूल के प्रधानाध्यापक को आत्महत्या के लिए कथित तौर पर उकसाने के आरोप में शनिवार को एक ठेकेदार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के पालनार स्कूल के प्रधानाध्यापक राजू पुजारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में ठेकेदार देवाशीष मंडल (36) को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस महीने की 22 तारीख को चेरपाल गांव के निवासी और पालनार स्कूल के प्रधानाध्यानक पुजारी ने चेरपाल गांव के नजदीक जंगल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पुलिस ने मामला संज्ञान में आने के बाद शव को बरामद कर जांच शुरू की।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान पुजारी के पास से हाथ से लिखा एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने कुछ लोगों पर मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप लगाया था।
उन्होंने बताया कि जांच में पुलिस को जानकारी मिली कि विद्यालय प्रबंधन समित के माध्यम से विद्यालय भवन का निर्माण कार्य कराया गया था। इस कार्य के लिए ठेकेदार देवाशीष मंडल को लगभग 40 प्रतिशत राशि का भुगतान भी किया गया है। शेष भुगतान को लेकर विवाद की स्थिति सामने आई है।
अधिकारियों ने बताया कि पुजारी लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था तथा निर्माण कार्य के भुगतान के लिए कुछ व्यक्तियों द्वारा दबाव डालकर गलत कार्य कराने और फंसाने की आशंका से भयभीत था।
उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयान के आधार पर प्रथम दृष्टया पुजारी को आत्महत्या के लिए उकसाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं.संजीव धीरज
धीरज
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.