scorecardresearch
Sunday, 26 April, 2026
होमदेशउप्र : पुतला जलाने के दौरान भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल झुलसीं

उप्र : पुतला जलाने के दौरान भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल झुलसीं

Text Size:

बहराइच (उप्र), 25 अप्रैल (भाषा) बहराइच जिले में शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विपक्षी नेताओं का पुतला जलाते समय निकली लपटों की चपेट में आकर सत्तारूढ़ दल की विधायक एवं पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल झुलस गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई गई। बाद में बेहतर चिकित्सकीय परामर्श के लिए वह लखनऊ रवाना हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर जिलाधिकारी आवास चौराहे के निकट भाजपा की ओर से ‘महिला जनाक्रोश मार्च’ के तहत विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान विधायक अनुपमा जायसवाल के नेतृत्व में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला जलाया जा रहा था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायन दत्त मिश्र ने बताया कि, जैसे ही विधायक ने पुतले में आग लगाई, पुतले से पटाखा फटने जैसी आवाज आई, और आग की लपटें सीधे उनके चेहरे तक पहुंच गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में अनुपमा के माथे और सिर के आगे के हिस्से के बाल झुलस गए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तत्काल आग बुझाई और उन्हें पुलिस वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष राहुल राय ने बताया कि पुतले में संभवतः पेट्रोल या स्प्रिट अधिक मात्रा में डाल दी गई थी, जिसके कारण आग लगते ही हल्के विस्फोट की आवाज सुनाई दी।

जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. एमएम त्रिपाठी ने बताया कि विधायक को अस्पताल के आपात विभाग में भर्ती कराया गया।

उन्होंने बताया कि विधायक के माथे पर लगभग चार प्रतिशत सतही जलन (सुपरफिशियल बर्न) पाई गई है तथा सिर के कुछ बाल भी जले हैं। हालांकि उनकी आंखें सुरक्षित हैं और उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है।

त्रिपाठी ने बताया कि बेहतर चिकित्सकीय परामर्श और प्लास्टिक सर्जन की राय के लिए विधायक लखनऊ जाना चाहती थीं। उन्होंने बताया कि विधायक अस्पताल से जा चुकी हैं।

भाषा सं जफर धीरज

धीरज

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments