scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशअजनाला पुलिस थाने पर हमला मामले में अमृतपाल सिंह को वापस डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया

अजनाला पुलिस थाने पर हमला मामले में अमृतपाल सिंह को वापस डिब्रूगढ़ जेल भेजा गया

Text Size:

डिब्रूगढ़ (असम), 25 अप्रैल (भाषा) ‘वारिस पंजाब दे’ के प्रमुख एवं पंजाब के सांसद अमृतपाल सिंह को शनिवार को अजनाला पुलिस थाने पर हमले के मामले में एक बार फिर डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में स्थानांतरित किया गया।

सिंह के वकील ने बताया कि मामले में दो दिन की पुलिस हिरासत समाप्त होने के बाद उन्हें डिब्रूगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पंजाब के अजनाला स्थित सब-डिवीजनल अदालत के न्यायाधीश पलविंदर सिंह के समक्ष पेश किया गया।

अदालत ने सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया और साथ ही यह भी निर्देश दिया कि उन्हें डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में रखा जाए, जहां उन्हें पहले राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत तीन साल तक हिरासत में रखा गया था।

अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने 23 अप्रैल को आधी रात को उनकी एनएसए की हिरासत अवधि समाप्त होने के कुछ घंटों बाद फिर से गिरफ्तार कर लिया।

पंजाब की अदालत ने सिंह को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया था और फरवरी 2023 में अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले की जांच के लिए उन्हें जेल से डिब्रूगढ़ के स्थानीय पुलिस थाने में स्थानांतरित कर दिया गया था।

सिंह की वकील जसबीर कौर ने बताया, ‘‘शनिवार को अजनाला की सब-डिवीजनल अदालत ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पेश अमृतपाल सिंह की न्यायिक हिरासत का आदेश दिया। अब वह डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल में ही रहेंगे। अजनाला मामले की अगली सुनवाई 30 अप्रैल को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से होगी।’’

भाषा शफीक सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments