scorecardresearch
Saturday, 25 April, 2026
होमदेशकेंद्र सरकार मादक पदार्थ विरोधी अभियान में निगरानी बढ़ाने के लिए ऐप शुरू करेगी

केंद्र सरकार मादक पदार्थ विरोधी अभियान में निगरानी बढ़ाने के लिए ऐप शुरू करेगी

Text Size:

नयी दिल्ली, 24 अप्रैल (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, राष्ट्रीय मादक पदार्थ मांग शमन कार्य योजना (एनएपीडीडीआर) के तहत निगरानी और समन्वय को मजबूत करने के लिए उन्नत नशा मुक्त भारत अभियान (एनएएमबीए) ऐप 2.0 शुरू करने वाला है।

मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इस उन्नत एप्लिकेशन को राष्ट्रीय, राज्य, जिला और संस्थागत स्तरों पर हितधारकों के बीच समय पर रिपोर्टिंग, निगरानी और समन्वय को सुगम बनाने के लिए एक केंद्रीकृत डिजिटल मंच के रूप में डिजाइन किया गया है।

वर्ष 2020 में 15 अगस्त को 272 संवेदनशील जिलों में नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) शुरू किया गया था। बाद में देश के सभी जिलों को इस अभियान में शामिल किया गया। अभियान का उद्देश्य मादक द्रव्यों के सेवन के बारे में जागरूकता फैलाना है।

बयान के अनुसार, इस अभियान के तहत अब तक देश भर में 8.3 लाख से अधिक गतिविधियों के माध्यम से 26 करोड़ से अधिक लोगों को जागरूक किया गया है। इनमें 9.5 करोड़ से अधिक युवा, 6.47 करोड़ महिलाएं और 28,000 से अधिक कुशल स्वयंसेवक शामिल हैं।

अधिकृत उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध मौजूदा एनएमबीए ऐप के माध्यम से राज्य, जिले, आध्यात्मिक संगठन और अन्य हितधारक एक समेकित डैशबोर्ड के माध्यम से अभियान गतिविधियों को अपलोड कर पाते हैं एवं उन पर नजर रख पाते हैं।

यह ऐप सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) सामग्री भी उपलब्ध कराता है तथा स्वयंसेवकों के प्रशिक्षण और प्रबंधन में सहायता प्रदान करता है। यह जागरूकता गतिविधियों को सुगम बनाता है तथा नशामुक्ति एवं मानसिक स्वास्थ्य हेल्पलाइन तक पहुंच सुनिश्चित करता है।

नए एनएमबीए ऐप 2.0 में कई नयी सुविधाएं शामिल होंगी, जिनमें नागरिकों के लिए ई-प्रतिज्ञा लेना, आईईसी सामग्री देखना, हेल्पलाइन सहायता प्राप्त करना और नशामुक्ति केंद्रों का पता लगाना शामिल है।

‘निकटतम नशामुक्ति केंद्र’ की सुविधा से उपयोगकर्ता आसानी से उपचार केंद्रों का पता लगा सकेंगे, जबकि एक फीडबैक तंत्र सुझाव साझा करने में सक्षम बनाएगा।

भाषा राजकुमार अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments