शिमला, 22 अप्रैल (भाषा) हरियाणा के सिरसा के एक गांव में बुधवार को एक घर के बाहर सफेद व नीले रंग का एक गुब्बारा मिला, जिस पर अंग्रेजी और उर्दू में ‘पीआईए’ लिखा हुआ था। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि गुब्बारे पर पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज की एक तस्वीर छपी हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को फोन पर बताया कि सिरसा के खेरी गांव में एक घर के बाहर हवाई जहाज जैसा दिखने वाला गुब्बारा गिरा।
कुमार ने बताया, “पुलिस को सूचना मिली कि गुब्बारा एक ऐसे शेड के बाहर गिरा है, जहां एक ग्रामीण अपने जानवरों को रखता है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।”
उन्होंने बताया, “गुब्बारे में कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली।”
अधिकारी ने बताया कि जिस गांव में गुब्बारा देखा गया, वह हरियाणा-राजस्थान सीमा के निकट है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के एक गांव के पास झाड़ियों में बुधवार को सफेद व नीले रंग का एक गुब्बारा मिला, जिस पर भी अंग्रेजी में ‘पीआईए’ लिखा था और पाकिस्तान के राष्ट्रीय ध्वज की तस्वीर छपी थी।
नागली ग्राम पंचायत के एक पूर्व प्रधान ने गुब्बारा देखने के बाद खैरी थाने को सूचना दी।
इसके बाद डलहौजी के पुलिस उपाधीक्षक मयंक शर्मा के नेतृत्व में पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया।
पुलिस ने गुब्बारे को मालखाने में सुरक्षित रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ ही दिन पहले इसी इलाके में ऐसा ही एक गुब्बारा मिला था।
भाषा शुभम जितेंद्र
जितेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.