नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) केंद्र सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले में मुकदमे की पैरवी करने के लिए जाने-माने वकील करमबीर सिंह नलवा को विशेष लोक अभियोजक नियुक्त किया है।
पाकिस्तान के आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने पिछले वर्ष इसी दिन जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हमला किया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। इनमें अधिकतर पर्यटक थे।
बुधवार को जारी एक आदेश में, केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि उसने राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण, 2008 और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता नलवा को जम्मू स्थित एनआईए विशेष न्यायालय और जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख उच्च न्यायालय में एजेंसी की ओर से इस मामले से संबंधित मुकदमे और अन्य मामलों की सुनवाई के लिए विशेष लोक अभियोजक (एसपीपी) नियुक्त किया है।
इसमें कहा गया है कि यह नियुक्ति तीन साल की अवधि के लिए या मामले की सुनवाई पूरी होने तक या एसपीपी के प्रदर्शन से एनआईए के संतुष्ट होने तक (जो भी पहले हो) के लिए है।
भाषा शुभम रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.