मिर्जापुर (उप्र), 22 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के ड्रमंडगंज इलाके में बुधवार रात एक भीषण हादसे में दो ट्रकों की चपेट में आने से दो कारों पर सवार 11 लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक रजत कौशिक ने घटना के बारे में संवाददाताओं को बताया कि रात लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस को एक सूचना मिली कि ड्रमंडगंज घाटी से नीचे उतरते वक्त एक ट्रक सम्भवत: ब्रेक फेल होने के कारण एक अन्य ट्रक से टकरा गया और उनके बीच एक कार फंस गयी।
उन्होंने बताया कि ट्रक ने एक अन्य कार को भी टक्कर मारी जिससे उसमें आग लग गयी।
कौशिक ने बताया कि इसकी सूचना पर तत्काल पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया गया।
उन्होंने बताया कि इस घटना में अभी तक 11 लोगों की मृत्यु होने की सूचना प्राप्त हुई है, जिनकी शिनाख्त की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके पर पुलिस की टीम में मौजूद है और रास्ते पर यातायात बहाल करने के लिए कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि अभी तक मिली सूचना के मुताबिक एक ट्रक बिहार का जबकि दूसरा मध्यप्रदेश का था। एक कार सोनभद्र जिले की है जबकि जिस कार में आग लगी वह मिर्जापुर में पंजीकृत है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतकों के परिजन से संपर्क किया जा रहा है।
भाषा सलीम रंजन
रंजन
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.