scorecardresearch
Wednesday, 22 April, 2026
होमदेशदिल्ली में चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप, पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार

दिल्ली में चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप, पारा 42 डिग्री सेल्सियस के पार

Text Size:

नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) दिल्ली में बुधवार को चिलचिलाती गर्मी का प्रकोप रहा और कुछ जगहों पर अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं 24 अप्रैल से लू चलने के पूर्वानुमान के कारण हालात और अधिक गंभीर होने की आशंका है।

स्टेशन-वार डेटा के अनुसार, रिज पर सबसे अधिक अधिकतम तापमान दर्ज हुआ और यह सामान्य से 3.7 डिग्री अधिक 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके बाद आयानगर में 41.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से तीन डिग्री अधिक) दर्ज किया गया, जबकि शहर के बेस स्टेशन सफदरजंग में सामान्य से तीन डिग्री अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

लोदी रोड पर तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पालम में सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। अलग-अलग स्टेशन पर अधिकतम तापमान में 24 घंटे के भीतर 1.6 डिग्री से लेकर 1.9 डिग्री तक का बदलाव देखा गया।

ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक या उसके आस-पास रहा। पालम में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया; इसके बाद आयानगर में सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने 23 अप्रैल के लिए मुख्य रूप से आसमान साफ ​​रहने का पूर्वानुमान जताया है, जिसमें न्यूनतम तापमान लगभग 24 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

चौबीस अप्रैल से लू चलने और आने वाले दिनों में तापमान और बढ़कर 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

शहर में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में बनी रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 216 रहा।

सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा

शुभम माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments